38 स्पेशल एजुकेटर की सीधी भर्ती के लिए आवेदन शुरू
लोक शिक्षण संचालनालय ने जारी किया विज्ञापन, 4 दिसंबर तक पांच संभागीय कार्यालयों में जमा होंगे फॉर्मलोक शिक्षण संचालनालय ने जारी किया विज्ञापन, 4 दिसंबर तक पांच संभागीय कार्यालयों में जमा होंगे फॉर्म
रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्पेशल एजुकेटर बनने के इच्छुक युवाओं के लिए भर्ती का अवसर आया है। लोक शिक्षण संचालनालय ने 38 रिक्त पदों को भरने के लिए सीधी भर्ती की प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की है। इसके लिए 20 नवंबर 2026 से आवेदन लिए जाएंगे। योग्य उम्मीदवार 4 दिसंबर को शाम 5 बजे तक निर्धारित प्रारूप में अपना आवेदन जमा कर सकेंगे।
स्पेशल एजुकेटर के पदों पर नियुक्ति के लिए विभाग ने संक्षिप्त विज्ञापन जारी किया है। भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी और आवेदन का निर्धारित प्रारूप लोक शिक्षण संचालनालय की आधिकारिक वेबसाइट https://eduportal.cg.nic.in/ पर उपलब्ध है। उम्मीदवार आवेदन करने से पहले शैक्षणिक योग्यता, आवश्यक पात्रता और अन्य दिशा-निर्देशों का अच्छी तरह अध्ययन कर लें।
अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए प्रदेश के पांच संभागों में आवेदन जमा करने की व्यवस्था की गई है। इसके तहत संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा कार्यालय बस्तर, बिलासपुर, दुर्ग, रायपुर एवं सरगुजा में आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। उम्मीदवार अपना फॉर्म संबंधित कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से जमा कर सकते हैं या पंजीकृत डाक के जरिए भेज सकते हैं। कार्यालयों में कार्यदिवस के दौरान सुबह 10 से शाम 5 बजे तक आवेदन लिए जाएंगे।
अलग-अलग आवेदन की जरूरत नहीं
इस भर्ती की खास बात यह है कि उम्मीदवारों को अलग-अलग जिलों अथवा संभागों के रिक्त पदों के लिए पृथक आवेदन प्रस्तुत नहीं करना होगा। एक आवेदन ही प्रदेश के सभी जिलों एवं संभागों में विज्ञापित पदों के लिए मान्य रहेगा। हालांकि, आवेदन केवल निर्धारित कार्यालयों में ही जमा करना होगा। अन्य कार्यालयों में भेजे गए फॉर्म पर विचार नहीं किया जाएगा।
विभाग ने अंतिम तिथि को लेकर भी स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। 4 दिसंबर 2026 को शाम 5 बजे के बाद प्राप्त होने वाले आवेदन भर्ती प्रक्रिया में शामिल नहीं किए जाएंगे। वहीं, आवेदन की स्थिति, मेरिट सूची, चयन प्रक्रिया और अन्य अपडेट केवल विभागीय वेबसाइट पर जारी होंगे। अभ्यर्थियों को व्यक्तिगत रूप से पत्राचार नहीं किया जाएगा। ऐसे में भर्ती से जुड़ी नवीनतम सूचनाओं के लिए उम्मीदवारों को नियमित रूप से आधिकारिक पोर्टल देखते रहने की सलाह दी गई है।
suntimes 