मरीज खैरागढ़ में भर्ती, इलाज का रिकॉर्ड दुर्ग के अस्पताल में बनाया

वीवाई अस्पताल की जांच में 8 अनियमितताएं उजागर, आयुष्मान पोर्टल पर दर्ज तीन मरीज मौके पर नहीं मिले; एसएस अस्पताल बंद कराया गया

मरीज खैरागढ़ में भर्ती, इलाज का रिकॉर्ड दुर्ग के अस्पताल में बनाया

भिलाई। आयुष्मान योजना के तहत इलाज के नाम पर कथित गड़बड़ी का मामला सामने आने के बाद दुर्ग के वीवाई अस्पताल की मुश्किलें बढ़ गई हैं। प्रशासनिक जांच में अस्पताल में आठ गंभीर खामियां दर्ज की गई हैं। दूसरी ओर, खैरागढ़ के ठेलकाडीह में संचालित एसएस अस्पताल को लेकर हुई जांच में मरीज को एक अस्पताल में भर्ती करने और दूसरे अस्पताल के नाम पर उपचार दर्ज करने का मामला सामने आया है। खैरागढ़ प्रशासन ने एसएस अस्पताल को बंद करा दिया है, जबकि वीवाई अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई के लिए रिपोर्ट दुर्ग प्रशासन को भेजी गई है।

 

पद्मनाभपुर स्थित वीवाई अस्पताल में 16 नवंबर को की गई जांच के बाद अधिकारियों ने अपनी रिपोर्ट कलेक्टर को सौंप दी है। जांच में अस्पताल के आईसीयू में पंजीकृत एमबीबीएस डॉक्टर की अनुपस्थिति, महिला और पुरुष मरीजों को एक ही वार्ड में भर्ती करने तथा डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ का ड्यूटी रोस्टर नहीं होने जैसी कमियां दर्ज की गई हैं।

आयुष्मान पोर्टल पर अस्पताल में 17 मरीजों के भर्ती होने की जानकारी दर्ज थी। मौके पर जांच के दौरान तीन मरीज कुंती बाई, सुनीता साहू और दीवान सिंह नहीं मिले। भर्ती से जुड़ी फाइलों में वाई डायग्नोसिस सेंटर एंड पैथोलॉजी लैबोरेटरी की रिपोर्ट मिली, लेकिन अस्पताल परिसर में इस नाम की कोई लैब नहीं पाई गई। मरीजों के बयान और उनकी फाइलों में दर्ज बीमारी के विवरण में भी अंतर सामने आया। जांच रिपोर्ट में आईसीयू में भर्ती सुनीता का सीजर डॉ. विनीता ध्रुवे द्वारा किए जाने का उल्लेख है।

एक अस्पताल में भर्ती, दूसरे के नाम पर उपचार का रिकॉर्ड

खैरागढ़ के ठेलकाडीह में एसएस अस्पताल के संचालन को लेकर राजनांदगांव के रोहित कुमार ने शिकायत की थी। इसके बाद सीएमएचओ खैरागढ़ ने चार सदस्यीय टीम गठित कर जांच कराई। जांच में आरोप सामने आया कि वीवाई अस्पताल के संचालक डॉ. विश्वनाथ यादव वहां एसएस अस्पताल के नाम से अस्पताल चला रहे थे। रोहित को इसी अस्पताल में भर्ती किया गया, लेकिन उपचार का रिकॉर्ड दुर्ग के वीवाई अस्पताल के नाम पर दर्ज किया गया।

जांच के बाद खैरागढ़ प्रशासन ने एसएस अस्पताल को तत्काल बंद करा दिया। संबंधित प्रतिवेदन दुर्ग कलेक्टर और सीएमएचओ को भेजकर वीवाई अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा की गई है।

शिविर में मुफ्त इलाज का दिया था भरोसा

वीवाई अस्पताल में छापेमारी के दौरान मिले बालोद जिले के चार मरीजों ने बताया कि उनके गांव में राजनांदगांव के अपेक्स अस्पताल के नाम से स्वास्थ्य शिविर लगाया गया था। कमर, पैर और घुटनों में दर्द की शिकायत बताने पर शिविर के कर्मचारियों ने दुर्ग के वीवाई अस्पताल में भी मुफ्त इलाज की सुविधा मिलने की बात कही थी। मरीजों ने शिविर में मिली पर्चियां भी अधिकारियों को दिखाई थीं।

रोहित ने कहा- वीवाई अस्पताल गया ही नहीं

रोहित कुमार के अनुसार, वह 14 अक्टूबर 2026 को पीठ दर्द और थकान की शिकायत लेकर ठेलकाडीह के एसएस अस्पताल पहुंचा था। वहां आयुष्मान कार्ड से भर्ती करने के बाद उसे घर से अस्पताल आने-जाने की अनुमति दी गई। बाद में अंगूठा लगवाकर डिस्चार्ज किया गया और वीवाई अस्पताल के नाम की पर्ची थमा दी गई।

रोहित का कहना है कि वह दुर्ग के वीवाई अस्पताल कभी गया ही नहीं, इसके बावजूद रिकॉर्ड में उसे वहां भर्ती दिखाया गया। दस्तावेजों में सीवियर सेप्सिस का इलाज दर्ज होने की बात भी उसने उठाई है।

खैरागढ़ सीएमएचओ डॉ. अनिल शुक्ला के मुताबिक, शिकायत की जांच के बाद एसएस अस्पताल बंद करा दिया गया है और वीवाई अस्पताल के संबंध में कार्रवाई के लिए दुर्ग प्रशासन को रिपोर्ट भेजी गई है। वहीं, दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह ने कहा है कि खैरागढ़ से मरीजों के बयान सहित पूरी रिपोर्ट मिलने पर उसे यहां की जांच में शामिल कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।