सरेंडर से इनकार करने वाला लश्कर कमांडर मुठभेड़ में ढेर
CRPF पोस्ट पर फायरिंग में शामिल था आतंकी, वीडियो कॉल कर दिया था आत्मसमर्पण का मौका; 15 लाख रुपए का था इनाम
कुलगाम। जम्मू-कश्मीर में आतंकियों के खिलाफ अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर मोहम्मद लतीफ भट को ढेर कर दिया। कुलगाम के जंगलपोरा इलाके में बुधवार सुबह शुरू हुई मुठभेड़ के दौरान उसकी मौजूदगी एक मस्जिद में मिली थी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों की सहायता से आतंकी से वीडियो कॉल पर संपर्क किया गया। सुरक्षाबलों ने उसे आत्मसमर्पण करने का विकल्प दिया और सुरक्षित बाहर आने का भरोसा दिलाया। जवाब में लतीफ ने कहा कि वह अल्लाह से मिलना चाहता है और सरेंडर नहीं करेगा। उसकी इस जिद के बाद सुरक्षाबलों ने अभियान जारी रखा और उसे मार गिराया।
11 नवंबर को CRPF चौकी पर की थी फायरिंग
लतीफ भट 11 नवंबर को नौपोरा अखरान स्थित सीआरपीएफ पोस्ट पर हुए हमले में शामिल था। उसने अपने साथी निसार के साथ मिलकर पोस्ट पर गोलीबारी की थी, जिसमें तीन जवान घायल हुए थे। इससे पहले हुई मुठभेड़ में वह घायल हो गया था, लेकिन मौके से भागने में सफल रहा। इस साल कुलगाम और अनंतनाग में हुई कई आतंकी वारदातों में भी उसकी भूमिका सामने आई थी।
पाकिस्तान में बैठे नेटवर्क ने किया था भर्ती
पुलिस के अनुसार, 22 वर्षीय लतीफ कुलगाम जिले के अशमुजी इलाके का रहने वाला था। वह वर्ष 2025 की शुरुआत में अचानक घर से लापता हो गया था। बाद में पाकिस्तान में बैठे सज्जाद गुल ने उसे लश्कर-ए-तैयबा और उसके प्रॉक्सी संगठन टीआरएफ में भर्ती कराया था। लतीफ ने 12वीं तक पढ़ाई करने के बाद सरकारी डिग्री कॉलेज में भी कुछ समय अध्ययन किया था। बाद में वह बढ़ई का काम करने लगा था। उस पर 15 लाख रुपए का इनाम घोषित किया गया था। गौरतलब है कि 16 नवंबर को कुलगाम के लारनू बाईपास पर हुई गोलीबारी में उसका सहयोगी उमर निसार भट भी मारा गया था।
suntimes 