पहाड़ों पर दो दर्दनाक हादसे, किसी घर में बुझा चिराग तो कहीं शादी की खुशियां मातम में बदलीं

टिहरी में नदी में समाई यात्रियों से भरी बस, 9 की मौत और 25 घायल; रुद्रप्रयाग में बारातियों की गाड़ी खाई में गिरी, 4 ने गंवाई जान

पहाड़ों पर दो दर्दनाक हादसे, किसी घर में बुझा चिराग तो कहीं शादी की खुशियां मातम में बदलीं

ऋषिकेश/रुद्रप्रयाग (ए)। उत्तराखंड के पहाड़ी रास्तों पर मंगलवार की सुबह कई परिवारों के लिए जिंदगी भर का दर्द छोड़ गई। दो जिलों में हुए भीषण सड़क हादसों में 13 लोगों की मौत हो गई और 31 लोग घायल हो गए। टिहरी में बस के नदी में गिरने से नौ यात्रियों की जान चली गई, जबकि रुद्रप्रयाग में बारातियों से भरी बोलेरो के खाई में गिरने से चार लोगों की मौत हो गई।

100 मीटर नीचे नदी में गिरी बस

पहला हादसा ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर टिहरी जिले के गूलर के पास हुआ। यात्रियों को लेकर जा रही 32 सीटर बस अचानक अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर नीचे नदी में गिर गई। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में नौ लोगों की मौत हुई है और 25 लोग घायल हुए हैं। घायलों में एक तीन साल की बच्ची भी शामिल है। सभी घायलों का एम्स ऋषिकेश में उपचार जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों और बस यात्रियों के अनुसार वाहन तेज गति से चल रहा था। यात्रियों ने चालक को कई बार रफ्तार कम करने के लिए कहा, लेकिन उनकी बात अनसुनी कर दी गई। गढ़वाल रेंज के आईजी राजीव स्वरूप ने नौ लोगों की मौत की पुष्टि की है। इससे पहले मृतकों की संख्या दस बताई गई थी।

दस्तावेज पूरे, फिर भी हादसे का शिकार हुई बस

परिवहन विभाग की जांच में दुर्घटनाग्रस्त बस के जरूरी दस्तावेज वैध मिले हैं। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी जेएस मिश्रा के मुताबिक बस की फिटनेस, बीमा और परमिट की अवधि समाप्त नहीं हुई थी। बस की फिटनेस 25 अक्टूबर 2028, बीमा 2027 और परमिट 2029 तक वैध है। वर्ष 2024 में खरीदी गई यह बस प्रतापनगर निवासी परमवीर सिंह के नाम पर पंजीकृत है। हादसे वाले स्थान पर ढलान होने के कारण तेज रफ्तार में चालक का वाहन से नियंत्रण छूटने की आशंका जताई गई है।

शादी से लौटते समय खाई में गिरी बोलेरो

दूसरा हादसा रुद्रप्रयाग जिले की क्यूंजा घाटी में हुआ। पोखरी में शादी समारोह में शामिल होने के बाद बाराती बोलेरो से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान वाहन सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हुए हैं। घायलों में पांच की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें श्रीनगर बेस अस्पताल भेजा गया है।

दोनों दुर्घटनाओं में जान-माल का भारी नुकसान हुआ है। एक ओर बस हादसे में यात्रियों का सफर अधूरा रह गया, वहीं दूसरी ओर शादी समारोह से लौट रहे परिवारों की खुशियां मातम में बदल गईं। प्रशासन की ओर से घायलों के उपचार और दुर्घटनाओं से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।