3100 रुपए क्विंटल में धान खरीदी शुरू, किसानों को कम उपज पर भी पूरी सहायता

प्रदेश के 1606 केंद्रों में पहुंचा धान, अब तक 1.98 लाख क्विंटल की खरीदी; जनजातीय और वनांचल के किसानों को मिलेगा विशेष लाभ

3100 रुपए क्विंटल में धान खरीदी शुरू, किसानों को कम उपज पर भी पूरी सहायता

रायपुर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी का नया सत्र शुरू होते ही सरकारी उपार्जन केंद्रों में गतिविधियां तेज हो गई हैं। राज्य के सभी 33 जिलों में खरीदी की तैयारियों के साथ किसानों को टोकन और उपज बेचने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने धरमजयगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस के राज्य स्तरीय समारोह के दौरान खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल की उपस्थिति में खरीदी अभियान की शुरुआत की।

इस साल सरकार ने प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीदने की व्यवस्था की है। इसके साथ ही कम उत्पादन वाले किसानों के लिए आदान सहायता को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। अब निर्धारित मात्रा से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी प्रति एकड़ 13,839 रुपए की पूरी सहायता राशि मिलेगी।

कम उत्पादन पर नहीं कटेगी सहायता राशि

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि प्राकृतिक परिस्थितियों, कम पैदावार या अन्य कारणों से किसान यदि प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान नहीं बेच पाते हैं, तब भी उन्हें पूरी सहायता दी जाएगी। मसलन, किसी किसान ने एक एकड़ में 15 क्विंटल धान बेचा है तो शेष 6 क्विंटल के बराबर की सहायता राशि भी उसे मिलेगी। इसके लिए किसान का रकबा सत्यापित होना जरूरी होगा। इस फैसले से विशेषकर जनजातीय और वनांचल क्षेत्रों के उन किसानों को राहत मिलेगी, जहां उत्पादन की स्थिति अलग-अलग रहती है।

2805 केंद्रों से जारी हुए टोकन

राज्य में करीब 27.50 लाख किसानों की उपज खरीदने के लिए 3095 केंद्र स्थापित किए गए हैं। 15 नवंबर तक 2805 केंद्रों से टोकन जारी किए जा चुके थे। इनमें 1606 केंद्रों में वास्तविक खरीदी शुरू हो गई थी। इस दौरान कुल 1,98,364.80 क्विंटल धान की खरीदी दर्ज की गई। इसमें मोटा धान 1,10,979.20 क्विंटल, पतला धान 80,489.60 क्विंटल और सरना धान 6896 क्विंटल शामिल है।

इन जिलों में खरीदी की रफ्तार तेज

अब तक की खरीदी में राजनांदगांव, बालोद और महासमुंद जिले प्रमुख रहे हैं। राजनांदगांव में 26,464.40 क्विंटल, बालोद में 24,676 क्विंटल और महासमुंद में 20,444.80 क्विंटल धान खरीदा गया है। धमतरी में 19,829.20 क्विंटल, बेमेतरा में 16,320.40 क्विंटल और दुर्ग में 13,952.80 क्विंटल धान का उपार्जन हुआ है।

रायपुर जिले में 9365.60 क्विंटल, बलौदाबाजार-भाटापारा में 10,004.40 क्विंटल, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 11,871.60 क्विंटल और कवर्धा में 7386 क्विंटल धान खरीदा गया है। गरियाबंद में 6743.60 क्विंटल तथा बलरामपुर में 5614 क्विंटल धान का उपार्जन हुआ है।

जनजातीय अंचलों में भी बढ़ रही गतिविधियां

बस्तर संभाग में कांकेर में 3220.40 क्विंटल, कोंडागांव में 3888.40 क्विंटल और बस्तर में 474 क्विंटल धान खरीदा गया है। नारायणपुर में 294.80 क्विंटल, बीजापुर में 95.20 क्विंटल और दंतेवाड़ा में 22 क्विंटल उपार्जन हुआ है। सुकमा में खरीदी शुरू होना बाकी था।

इसी तरह बिलासपुर में 3603.60 क्विंटल, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में 2155.20 क्विंटल, मुंगेली में 1956.40 क्विंटल और कोरबा में 438 क्विंटल धान खरीदा गया। सरगुजा संभाग के सूरजपुर में 2006 क्विंटल, सरगुजा में 489.20 क्विंटल, जशपुर में 95.60 क्विंटल और मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 395.60 क्विंटल धान का उपार्जन हुआ है।

रायगढ़ में निगरानी के लिए 20 चेक पोस्ट

धान खरीदी के दौरान अवैध परिवहन और बिचौलियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए रायगढ़ जिले में विशेष व्यवस्था की गई है। यहां किसानों की सुविधा के लिए उपार्जन केंद्रों की संख्या 105 से बढ़ाकर 112 और सहकारी समितियों की संख्या 69 से बढ़ाकर 79 की गई है। जिले में कुल 85,501 किसानों का पंजीयन हुआ है। इनका पंजीकृत रकबा 1,21,690.325 हेक्टेयर है।

अवैध धान के परिवहन, भंडारण और बिक्री पर नजर रखने के लिए 20 चेक पोस्ट बनाए गए हैं। इन पर तीन पालियों में चौबीस घंटे कर्मचारियों की तैनाती की गई है। साथ ही तहसील स्तर पर उड़नदस्ता दल भी सक्रिय किए गए हैं।

सरकार का कहना है कि धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता और किसानों की सुविधा को प्राथमिकता दी जा रही है। समर्थन मूल्य पर खरीदी के साथ कृषक उन्नति योजना की सहायता से किसानों को आर्थिक सुरक्षा देने का प्रयास किया जा रहा है।