दीपक टंडन की बढ़ेंगी मुश्किलें, रायपुर पुलिस करेगी ठगी के मामलों में पूछताछ

बिलासपुर से लाने के लिए कोर्ट से मिला प्रोडक्शन वारंट, पत्नी बरखा समेत दोनों के खिलाफ 8 एफआईआर दर्ज

दीपक टंडन की बढ़ेंगी मुश्किलें, रायपुर पुलिस करेगी ठगी के मामलों में पूछताछ

रायपुर। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में धोखाधड़ी के मामलों को लेकर चर्चा में आए होटल कारोबारी दीपक टंडन पर पुलिस का शिकंजा कसता नजर आ रहा है। रायपुर पुलिस ने उसे अपने प्रकरण में शामिल कर पूछताछ करने की तैयारी की है। इसके लिए न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट हासिल किया गया है। संभावना है कि 18 नवंबर को उसे बिलासपुर से रायपुर लाया जाएगा।

पुलिस के अनुसार, एसईसीएल में ठेका दिलाने के नाम पर कथित रूप से रकम लेने के मामले में दीपक से विस्तृत पूछताछ की जानी है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश होगी कि कारोबारियों को किस आधार पर ठेके दिलाने का भरोसा दिया गया, कितनी रकम का लेन-देन हुआ और इस पूरी प्रक्रिया में अन्य कौन लोग शामिल थे।

एसीपी ने की प्रोडक्शन वारंट की पुष्टि

तेलीबांधा एसीपी रमाकांत साहू ने बताया कि दीपक टंडन को रायपुर लाने के लिए न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट जारी कराया गया है। 17 नवंबर के बाद उसे बिलासपुर से कभी भी रायपुर लाया जा सकता है। यहां पुलिस उससे संबंधित धोखाधड़ी के मामले में पूछताछ करेगी।

ठेका और ट्रांसपोर्टिंग के नाम पर रकम लेने का आरोप

दीपक टंडन के खिलाफ रायपुर समेत बिलासपुर, सक्ती और कोरबा में ठगी से जुड़े मामले सामने आए हैं। शिकायतों के अनुसार, कोयला खदानों में ठेका दिलाने, ट्रांसपोर्टिंग और दूसरे व्यावसायिक कामों में अवसर उपलब्ध कराने का आश्वासन देकर कारोबारियों से पैसे लिए गए। पुलिस इन आरोपों की सच्चाई जानने के लिए दस्तावेजों और आर्थिक लेन-देन की कड़ियां जोड़ रही है।

पति-पत्नी के खिलाफ 8 एफआईआर

दीपक टंडन और उसकी पत्नी बरखा के खिलाफ छत्तीसगढ़ के अलग-अलग हिस्सों में कुल 8 एफआईआर दर्ज होने की जानकारी है। पुलिस इन मामलों में सामने आई शिकायतों और आरोपों के आधार पर जांच कर रही है। रायपुर में होने वाली पूछताछ को इस जांच की अहम कड़ी माना जा रहा है।