छठ घाटों पर उमड़ी आस्था, सूर्यदेव को अर्घ्य देकर व्रतियों ने किया पारण

बिलासपुर के अरपा घाट पर उमड़ा जनसैलाब, रात 2:30 बजे से पहुंचने लगे थे श्रद्धालु; रायगढ़ में सबसे पहले हुआ सूर्योदय

छठ घाटों पर उमड़ी आस्था, सूर्यदेव को अर्घ्य देकर व्रतियों ने किया पारण

भिलाई/ रायपुर। चार दिनों तक चलने वाले छठ महापर्व का सोमवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ समापन हुआ। पर्व के अंतिम दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए प्रदेशभर में श्रद्धालु सुबह होने से पहले ही घाटों पर पहुंच गए थे। रायगढ़ में सुबह 6:02 बजे सबसे पहले सूर्योदय हुआ। इसके साथ ही व्रती महिलाओं ने जल में खड़े होकर सूर्यदेव को अर्घ्य दिया और विधिवत पूजा संपन्न की।

बिलासपुर के अरपा नदी घाट पर छठ पूजा का भव्य दृश्य देखने को मिला। यहां आधी रात के बाद से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। सुबह तक घाट पर हजारों की संख्या में लोग एकत्र हो गए। लगभग एक किलोमीटर तक फैले घाट पर व्रती और उनके परिजनों की भीड़ नजर आई। अरपा घाट का ड्रोन दृश्य भी सामने आया, जिसमें घाट पर उमड़ी भीड़ के साथ पर्व की भव्यता दिखाई दी।

रायपुर से अंबिकापुर तक छठमय हुआ माहौल

राजधानी के महादेव घाट पर छठ पर्व की रौनक देर रात तक बनी रही। यहां आतिशबाजी और छठी मैया के गीतों के बीच श्रद्धालुओं ने पूरी रात भक्ति में बिताई। सुबह सूर्य की पहली किरण के साथ व्रतियों ने अर्घ्य देकर पूजा पूरी की।

अंबिकापुर के शंकर घाट पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर सूर्यदेव की आराधना की। भिलाई के छावनी छठ घाट पर व्रती परिवारों के साथ जुटे और उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। रायगढ़ में केलो नदी सहित शहर के दूसरे घाटों पर भी पूजा-अर्चना का सिलसिला सुबह तक चलता रहा।

36 घंटे की निर्जला साधना के बाद किया व्रत का पारण

छठ पर्व के अंतिम दिन अर्घ्य देने के साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास पूरा हो गया। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में नहाय-खाय, खरना और अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के बाद अंतिम दिन उगते सूर्य की उपासना की जाती है। पूजा संपन्न होने के बाद व्रतियों ने पारण किया। इसके साथ ही प्रदेश में छठ महापर्व की धार्मिक और सांस्कृतिक छटा का समापन हुआ।