4.55 करोड़ निवेश कराने के बाद कारोबारी को नहीं दिया मुनाफा, कोयला खदान के नाम पर धोखाधड़ी

सरायपाली खदान में पार्टनरशिप का दिया था प्रस्ताव, रकम लौटाने से इनकार करने पर तेलीबांधा थाने में दर्ज हुई FIR

4.55 करोड़ निवेश कराने के बाद कारोबारी को नहीं दिया मुनाफा, कोयला खदान के नाम पर धोखाधड़ी

रायपुर। कोरबा जिले की कोयला खदान में कारोबार बढ़ाने और साझेदारी के नाम पर रायपुर के एक कारोबारी से करोड़ों रुपए लेने का मामला सामने आया है। KNS विनायक माइनिंग के डायरेक्टर अमन नारायण सिंह पर 4 करोड़ 55 लाख 25 हजार 296 रुपए की धोखाधड़ी का आरोप लगा है। कारोबारी की शिकायत पर तेलीबांधा पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ऐश्वर्या रेसिडेंसी निवासी अक्षत राजन थ्री डायमंड इंडस्ट्रीज का संचालन करते हैं। उनकी पहचान कुछ समय पहले KNS विनायक माइनिंग के डायरेक्टर अमन नारायण सिंह से हुई थी। इसी दौरान आरोपी ने कोरबा जिले के पाली स्थित सरायपाली ओपन कास्ट कोल माइन में साझेदारी का प्रस्ताव रखा। उसने कारोबार में निवेश करने पर हिस्सेदारी और आकर्षक मुनाफा मिलने की बात कही।

निवेश के साथ खदान के खर्चों में भी किया भुगतान

कारोबारी ने प्रस्ताव को फायदे का सौदा मानते हुए आरोपी के अलग-अलग बैंक खातों में RTGS और NEFT के जरिए 4.55 करोड़ रुपए से अधिक की रकम भेज दी। इसके बाद वह खदान से संबंधित गतिविधियों में भी भाग लेने लगा। आरोप है कि वर्ष 2023-24 में खनन कार्य सुचारू रूप से चलाने के लिए ईंधन, मशीनों के रखरखाव और अन्य आवश्यक कामों पर भी उसने अतिरिक्त राशि खर्च की।

दो साल तक मांगते रहे रकम, नहीं मिला जवाब

कुछ समय बाद जब कारोबारी ने निवेश के बदले मिलने वाले लाभ और खर्चों का विवरण मांगा तो उसे स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मूलधन वापस मांगने पर भी लगातार बहाने बनाए जाते रहे। एक-दो साल तक इंतजार और बार-बार तकादा करने के बावजूद न तो रकम लौटाई गई और न ही कारोबार का पूरा हिसाब दिया गया। अंत में आरोपी ने भुगतान करने से इनकार कर दिया।

पुलिस ने तीन धाराओं में दर्ज किया अपराध

आर्थिक नुकसान और लगातार अनदेखी से परेशान होकर अक्षत राजन ने 14 नवंबर को तेलीबांधा थाने में लिखित शिकायत दी। पुलिस ने KNS विनायक माइनिंग के डायरेक्टर अमन नारायण सिंह के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4), 316 और 61 के तहत अपराध दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस बैंक खातों में हुए करोड़ों के लेन-देन, निवेश की प्रक्रिया और खदान से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है।