स्वतंत्रता पर्व पर छत्तीसगढ़ में देशभक्ति का महासप्ताह, गांव-शहर में तिरंगा और वंदे मातरम् की गूंज
7 से 17 अगस्त तक प्रदेशभर में रैलियां, तिरंगा यात्राएं, सामूहिक गायन, मैराथन और सांस्कृतिक कार्यक्रम; जनभागीदारी से राष्ट्रोत्सव का माहौल
रायपुर। स्वतंत्रता दिवस समारोह को इस बार छत्तीसगढ़ में व्यापक जनभागीदारी के साथ मनाने की तैयारी की गई है। राज्य सरकार ने 7 से 17 अगस्त तक प्रदेशभर में देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित करने का निर्णय लिया है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान और ‘वंदे मातरम्’ के 150वें वर्ष के स्मरणोत्सव को केंद्र में रखते हुए सभी जिलों, विकासखंडों, ग्राम पंचायतों और शैक्षणिक संस्थानों में विशेष आयोजन किए जाएंगे। संस्कृति विभाग के समन्वय में होने वाले इन कार्यक्रमों का उद्देश्य नागरिकों, विशेषकर युवाओं को राष्ट्रीय ध्वज, स्वतंत्रता संग्राम और देशभक्ति की भावना से जोड़ना है।
दो चरणों में चलेगा राज्यव्यापी अभियान
संस्कृति विभाग के अनुसार 7 से 15 अगस्त तक ‘वंदे मातरम्’ गायन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जबकि 9 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान संचालित किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण के बाद प्रदेशभर में सामूहिक राष्ट्रगान और वंदे मातरम् का गायन कराया जाएगा।
हर जिले में तिरंगा यात्राएं और जनसहभागिता
अभियान के दौरान जिला मुख्यालयों, नगर निकायों, ग्राम पंचायतों और शैक्षणिक संस्थानों में तिरंगा यात्राएं, बाइक एवं कार रैलियां, मशाल जुलूस और तिरंगा मैराथन आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, स्व-सहायता समूहों, पुलिस, NCC, NSS, स्काउट-गाइड और स्थानीय नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
डिजिटल अभियान से जुड़ेगा हर नागरिक
इस बार अभियान को डिजिटल स्वरूप भी दिया गया है। नागरिक अपने घर पर फहराए गए राष्ट्रीय ध्वज के साथ ‘तिरंगा सेल्फी’ लेकर ‘हर घर तिरंगा’ पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे। प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा कैनवास, तिरंगा मेले, देशभक्ति कॉन्सर्ट और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन होगा, जिससे स्थानीय कलाकारों और स्वदेशी उत्पादों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
वंदे मातरम् रिकॉर्ड करने की भी मिलेगी सुविधा
प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग बूथ स्थापित किए जाएंगे, जहां नागरिक स्वयं ‘वंदे मातरम्’ गाकर अपनी रिकॉर्डिंग अपलोड कर सकेंगे। इस पहल के माध्यम से युवाओं और आम लोगों को अभियान से रचनात्मक रूप से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मरण दिवस
14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मरण दिवस’ के अवसर पर विशेष प्रदर्शनियां आयोजित की जाएंगी, जिनमें भारत विभाजन की त्रासदी और स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानों को प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही राज्य पुलिस बैंड द्वारा प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर देशभक्ति गीतों की संगीतमय प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी।
suntimes 