दीपावली पर बस्तर पहुंचेंगे पीएम मोदी, सुरक्षाबलों के साथ मनाएंगे त्योहार
जवानों के बीच दिवाली मनाने की परंपरा रखेंगे बरकरार, 2014 से अब तक 12 बार अलग-अलग सैन्य ठिकानों का कर चुके हैं दौरा
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर में इस साल दीपावली का उत्सव खास होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुरक्षाबलों के जवानों के साथ त्योहार मनाने बस्तर पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी देते हुए जवानों के साथ दीपावली मनाने की अपनी परंपरा को जारी रखने का संकेत दिया है। यह लगातार 13वां अवसर होगा, जब वे दीपावली का पर्व देश की सुरक्षा में तैनात जवानों के बीच मनाएंगे।
वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद से नरेंद्र मोदी ने दीपावली के मौके पर सैन्य बलों के बीच पहुंचने की परंपरा बनाई है। बीते 12 वर्षों में उन्होंने देश के अलग-अलग हिस्सों में तैनात जवानों के साथ त्योहार मनाया है। इस दौरान जम्मू-कश्मीर उनकी सबसे पसंदीदा जगह रही, जहां वे तीन बार पहुंचे। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश और लद्दाख में भी दो-दो बार दीपावली मनाई।
पिछले साल प्रधानमंत्री गोवा में आईएनएस विक्रांत पहुंचे थे, जहां उन्होंने नौसेना के अधिकारियों और जवानों के साथ दीपावली का उत्सव साझा किया था। इस बार बस्तर का चयन महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जवानों के साथ त्योहार मनाने के इस कार्यक्रम से सुरक्षा बलों का मनोबल बढ़ाने और उनके प्रति सम्मान व्यक्त करने का संदेश भी जाएगा।
suntimes 