सौरभ चंद्राकर का दावा- सुरक्षा दो, खोल दूंगा सट्टा नेटवर्क का राज

भारत आने की तैयारी के बीच जताई जान की आशंका, राजनीतिक संपर्कों और करोड़ों के लेन-देन की जानकारी देने की बात

सौरभ चंद्राकर का दावा- सुरक्षा दो, खोल दूंगा सट्टा नेटवर्क का राज

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में कथित किंगपिन सौरभ चंद्राकर ने भारत लौटने से पहले बड़ा दावा किया है। ओमान में हिरासत के दौरान उसने कथित तौर पर भारतीय अधिकारियों के सामने यह आशंका जताई कि भारत की जेल में उसकी जान को खतरा हो सकता है। साथ ही उसने कहा है कि यदि उसे सुरक्षा उपलब्ध कराई जाती है तो वह सट्टा कारोबार के पूरे नेटवर्क से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी जांच एजेंसियों को देने को तैयार है।

चंद्राकर के दावे के मुताबिक, वह नेटवर्क से जुड़े कथित राजनीतिक संपर्कों, पैसों के लेन-देन और विदेशों में मौजूद संपत्तियों के बारे में जानकारी दे सकता है। उसने भारत पहुंचने के बाद जांच एजेंसियों और अदालत के सामने बयान देने की इच्छा भी जताई है।

उसकी मांग है कि उसे नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों से अलग रखा जाए और पूछताछ के दौरान उसे किसी तरह का दबाव न हो। उसने इलेक्ट्रॉनिक और दस्तावेजी साक्ष्यों को सुरक्षित रखने तथा पूछताछ की न्यायिक निगरानी की मांग भी की है।

परिवार को लेकर भी जताई आशंका

चंद्राकर ने केवल अपनी नहीं, बल्कि परिवार की सुरक्षा की भी मांग की है। उसका दावा है कि मामले से जुड़े प्रभावशाली लोगों की वजह से उसे नुकसान पहुंचाए जाने की आशंका है। हालांकि, उसके इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

ओमान में चल रही कानूनी प्रक्रिया

चंद्राकर को इंटरपोल के रेड नोटिस के आधार पर ओमान में हिरासत में लिया गया है। उसे भारत वापस लाने के लिए भारतीय एजेंसियां प्रत्यर्पण प्रक्रिया पर काम कर रही हैं। वहीं ओमान में उसके खिलाफ अलग कानूनी कार्रवाई भी चल रही है, जिसे उसने अपने वकील के जरिए चुनौती दी है।

सुरक्षा की मांग या किसी संभावित खुलासे से चंद्राकर को कानूनी छूट नहीं मिलेगी। जांच एजेंसियां उसके दावों और उपलब्ध साक्ष्यों का स्वतंत्र परीक्षण करेंगी। यदि उसके खिलाफ अपराध से जुड़े प्रमाण मिलते हैं तो संबंधित मामलों में कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।