पहाड़ी से कूदे बेटे को बचाने दौड़े पिता, दोनों की मौत; सदमे में मां ने भी लगा दी छलांग

पहाड़ी से कूदे बेटे को बचाने दौड़े पिता, दोनों की मौत; सदमे में मां ने भी लगा दी छलांग

मोबाइल फोन को लेकर माता-पिता से विवाद के बाद पहाड़ पर पहुंचा था 19 वर्षीय युवक; करीब 3 घंटे तक ग्रामीण और परिजन समझाते रहे, बचाने की कोशिश में पिता भी खाई में गिरे

 छत्रपति संभाजीनगर (ए)। छत्रपति संभाजीनगर में शुक्रवार को एक दर्दनाक घटना में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। मोबाइल फोन को लेकर हुए विवाद के बाद 19 वर्षीय कुणाल चंदगुड़े आत्महत्या करने के इरादे से खावड्या पहाड़ की चोटी पर पहुंच गया। परिजन और ग्रामीण करीब तीन घंटे तक उसे समझाते रहे। पिता उसे बचाने के लिए आगे बढ़े, तभी कुणाल ने खाई में छलांग लगा दी। बेटे को पकड़ने की कोशिश में पिता का संतुलन बिगड़ गया और दोनों नीचे जा गिरे। पति और बेटे को अपनी आंखों के सामने गिरता देख मां ने भी पहाड़ से छलांग लगा दी। हादसे में तीनों की मौत हो गई।

तीन घंटे तक युवक को समझाते रहे ग्रामीण और परिजन

पुलिस के मुताबिक, कुणाल चंदगुड़े सुबह करीब 10 बजे तिसगांव इलाके के खावड्या पहाड़ पर पहुंचा था। बताया जा रहा है कि मोबाइल फोन की मांग को लेकर माता-पिता से विवाद के बाद वह बेहद परेशान था। उसके पहाड़ पर पहुंचने की जानकारी मिलने के बाद पिता मुरलीधर चंदगुड़े और मां संगीता वहां पहुंचे। गांव के लोग भी उन्हें रोकने और समझाने के लिए पहाड़ पर पहुंच गए।

करीब तीन घंटे तक लोग कुणाल को नीचे आने के लिए समझाते रहे। परिजन और ग्रामीणों ने उसे मोबाइल फोन दिलाने का भरोसा भी दिया, लेकिन वह लगातार कहता रहा कि अब उसके पास कोई रास्ता नहीं बचा है।

आखिरी कोशिश में पिता भी खाई में गिरे

करीब 15-20 मिनट तक पिता बेटे के पास रहकर उसे समझाने का प्रयास करते रहे। इसी दौरान कुणाल ने अचानक खाई की ओर छलांग लगा दी। उसे बचाने और पकड़ने की कोशिश में मुरलीधर का संतुलन बिगड़ गया और वह भी बेटे के साथ गहरी खाई में जा गिरे। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

पति-बेटे को गिरते देख मां ने भी उठाया जानलेवा कदम

पति और बेटे को अपनी आंखों के सामने खाई में गिरते देखकर संगीता सदमे में आ गईं। कुछ ही देर बाद उन्होंने भी पहाड़ से छलांग लगा दी। हादसे में उनकी भी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है।

दमकल ने लगाया था सुरक्षा जाल

युवक को बचाने के लिए दमकल कर्मियों ने पहाड़ की तलहटी में बड़ा सुरक्षा जाल भी लगाया था। हालांकि, चोटी पर खड़ा कुणाल लगातार अपनी दिशा बदल रहा था, जिससे उसे सुरक्षित तरीके से जाल तक लाना मुश्किल हो रहा था।

मोबाइल फोन की मांग को लेकर विवाद की बात सामने आई

पुलिस मामले की जांच कर रही है। युवक ने आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाया, इसकी पूरी वजह अभी स्पष्ट नहीं है। हालांकि, स्थानीय पूर्व सरपंच के मुताबिक मोबाइल फोन, विशेष रूप से आईफोन लेने की मांग को लेकर परिवार में विवाद हुआ था। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।