सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर रायपुर में केस दर्ज
‘मोटू-पतलू’ नाम के दो इंस्टाग्राम अकाउंट पर आरोप, अमित शाह और अधिकारियों को लेकर भ्रामक सामग्री प्रसारित करने की शिकायत
रायपुर। सोशल मीडिया पर कथित तौर पर आपत्तिजनक और भ्रामक सामग्री पोस्ट करने के मामले में रायपुर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। सिविल लाइन थाने में दर्ज शिकायत में दो इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई लोगों के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां और गलत जानकारी प्रसारित करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस अब अकाउंट संचालकों की पहचान और पोस्ट की वास्तविकता की जांच कर रही है।
श्याम नगर तेलीबांधा निवासी अमन यादव ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि cg_motu_patlu_18 और cg_motu_patlu_1257 नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से लगातार विवादित पोस्ट और वीडियो शेयर किए जा रहे हैं। शिकायत के अनुसार इनमें छत्तीसगढ़ की जनता, समाज और प्रशासन से जुड़े लोगों को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि दोनों अकाउंट से अमित शाह और कुछ अधिकारियों के वीडियो भी पोस्ट किए गए और उनके साथ आपत्तिजनक टिप्पणियां जोड़ी गईं। आवेदन में कहा गया है कि सोशल मीडिया के जरिए संबंधित लोगों के बारे में गलत या भ्रामक जानकारी प्रसारित कर उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।
पोस्ट, वीडियो और अकाउंट की होगी जांच
शिकायतकर्ता ने पुलिस से दोनों अकाउंट की गतिविधियों की पड़ताल करने और उन्हें संचालित करने वाले व्यक्तियों का पता लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि स्वस्थ आलोचना और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता स्वीकार्य है, लेकिन जानबूझकर झूठी या आपत्तिजनक सामग्री फैलाने पर कार्रवाई होनी चाहिए।
सिविल लाइन पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी यामन देवांगन के मुताबिक पुलिस संबंधित पोस्ट और वीडियो की सामग्री के साथ अकाउंट संचालकों की पहचान और सोशल मीडिया पर सामग्री के प्रसार से जुड़े तथ्यों को खंगाल रही है। जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
suntimes 