भरोसे का जाल बिछाकर बुजुर्ग महिला से ठगी, ऑटो में बैठाकर उड़ाए दो लाख के गहने
रास्ता पूछने के बहाने बनाई पहचान, सुरक्षा का डर दिखाकर कंगन और अंगूठी उतरवाई; सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश
बिलासपुर। शहर में सक्रिय ठगों ने एक बुजुर्ग महिला को विश्वास में लेकर करीब दो लाख रुपये के सोने के गहनों की ठगी कर ली। आरोपियों ने पहले बस स्टैंड का रास्ता पूछने के बहाने बातचीत शुरू की, फिर शहर में बढ़ती चोरी-लूट की घटनाओं का डर दिखाकर गहने सुरक्षित रखने का झांसा दिया। ऑटो में बैठाकर योजनाबद्ध तरीके से कंगन और अंगूठी उतरवाने के बाद ठग कागज की पोटली थमाकर फरार हो गए। सिविल लाइन थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बाजार से लौटते समय बनाई योजना
थाना प्रभारी किशोर कुमार केंवट के अनुसार, सिंधी कॉलोनी निवासी विद्या मोटवानी (68) कंवरराम मार्केट में कपड़ों की दुकान संचालित करती हैं। तीन अगस्त की शाम वह सब्जी खरीदकर लौट रही थीं। नेहरू चौक के पास ऑटो में सवार दो युवकों ने उनसे बस स्टैंड का रास्ता पूछा। कुछ ही देर में एक तीसरा युवक भी वहां पहुंच गया और तीनों ने मिलकर महिला का विश्वास जीत लिया।
गहने सुरक्षित रखने का दिया झांसा
आरोपियों ने महिला को बताया कि शहर में चोरी और लूट की घटनाएं बढ़ गई हैं, इसलिए खुले में सोने के गहने पहनना सुरक्षित नहीं है। उन्होंने महिला को ऑटो में बैठाया, पानी पिलाया और गहनों को कपड़े में बांधकर सुरक्षित रखने की सलाह दी। भरोसे में आई महिला ने अपना सोने का कंगन और अंगूठी उतारकर उन्हें सौंप दी।
कागज की पोटली थमाकर हो गए गायब
आरोपियों ने गहनों को कपड़े में बांधने का नाटक किया और कुछ क्षण बाद कागज की एक पोटली महिला को थमा दी। थोड़ी दूर जाकर महिला को ऑटो से उतार दिया गया। पोटली खोलने पर उसमें गहने नहीं मिले और तब महिला को ठगी का एहसास हुआ।
सूजे हाथ के कारण बच गया एक कंगन
परिजनों के मुताबिक, महिला के एक हाथ में चोट के कारण सूजन थी, जिससे उस हाथ का दूसरा सोने का कंगन नहीं निकल पाया। यदि वह भी उतर जाता तो ठग और अधिक कीमती गहने लेकर फरार हो जाते।
ऑटो चालक की भूमिका भी जांच के दायरे में
पुलिस को संदेह है कि वारदात में ऑटो चालक की भी भूमिका हो सकती है। जिस तरह पूरी घटना ऑटो में बैठाकर सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई, उसे देखते हुए इस पहलू की भी जांच की जा रही है।
सीसीटीवी फुटेज से तलाश तेज
घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में दो संदिग्ध युवक महिला से बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने और जल्द गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
पहले भी हो चुकी है ऐसी वारदात
कुछ दिन पहले सरकंडा थाना क्षेत्र के मोपका चौक के पास भी एक बुजुर्ग महिला ऑटो में उठाईगिरी का शिकार हुई थी। उस मामले में भी भीड़भाड़ का फायदा उठाकर महिला का सोने का मंगलसूत्र पार कर दिया गया था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने शहर में बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
suntimes 