321 दिन के इंतजार के बाद मंत्री निवास पहुंचे डीएड अभ्यर्थी, परिवार सहित दिया धरना
रायपुर में गजेंद्र यादव के बंगले का घेराव कर 2300 पदों पर भर्ती की उठाई मांग; नियुक्ति की तारीख मिलने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान
रायपुर। सरकारी नौकरी की उम्मीद लगाए बैठे डीएड अभ्यर्थियों का धैर्य अब जवाब देने लगा है। 2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति नहीं होने से नाराज 60 से अधिक अभ्यर्थियों ने गुरुवार सुबह स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के बंगले पर पहुंचकर प्रदर्शन किया। अभ्यर्थी अपने परिजनों के साथ बंगले के अंदर धरने पर बैठ गए और सरकार से नियुक्ति की तारीख तत्काल घोषित करने की मांग की।
अभ्यर्थी सुबह तड़के ही मंत्री निवास पहुंच गए थे। उन्होंने अपनी मांगों को लेकर बंगले का घेराव किया और अंदर ही धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे पिछले 321 दिनों से नियुक्ति के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी मांग पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ऐसे में अब वे स्पष्ट समयसीमा चाहते हैं।
परिवारों के साथ आंदोलन में शामिल हुए अभ्यर्थी
इस बार प्रदर्शन में अभ्यर्थियों के साथ उनके परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर नियुक्ति की मांग उठाई। अभ्यर्थियों ने स्पष्ट किया है कि केवल आश्वासन से आंदोलन समाप्त नहीं होगा। जब तक 2300 पदों पर नियुक्ति की तारीख घोषित नहीं की जाती, उनका धरना जारी रहेगा।
मंत्री निवास पर प्रदर्शन की सूचना के बाद पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पुलिस प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर रखे हुए है।
हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का दिया हवाला
अभ्यर्थियों के अनुसार, 2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति को लेकर हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के आदेश होने के बावजूद प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई है। इसी मुद्दे को लेकर वे लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं। उनका कहना है कि भर्ती में देरी से पात्र उम्मीदवारों का भविष्य अधर में लटका हुआ है।
अभ्यर्थियों ने सरकार से मांग की है कि लंबित नियुक्ति प्रक्रिया को शीघ्र पूरा किया जाए और सभी 2300 पदों के लिए समयबद्ध कार्यक्रम जारी किया जाए। उनका कहना है कि वर्षों की पढ़ाई और तैयारी के बाद भी नौकरी के लिए इंतजार करना उनके साथ-साथ परिवारों के लिए भी मानसिक और आर्थिक परेशानी का कारण बन रहा है।
suntimes 