शरद पवार से मोदी की बातचीत ने बढ़ाई सियासी हलचल, सुप्रिया सुले का भी किया जिक्र

पवार के करीबी विट्ठल मनियार का दावा- पीएम ने कहा, सुप्रिया तैयार हैं, हम मिलकर देश संभालेंगे; एनसीपी के दोनों धड़ों के विलय की चर्चाओं के बीच सामने आया मामला

शरद पवार से मोदी की बातचीत ने बढ़ाई सियासी हलचल, सुप्रिया सुले का भी किया जिक्र

मुंबई (ए)। महाराष्ट्र की राजनीति में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के दोनों धड़ों के संभावित विलय को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और एनसीपी (शरदचंद्र पवार) प्रमुख शरद पवार के बीच हुई कथित बातचीत सुर्खियों में आ गई है। पवार के करीबी विट्ठल मनियार ने दावा किया है कि प्रधानमंत्री ने अस्पताल में भर्ती शरद पवार को फोन कर उनका हालचाल जाना। बातचीत के दौरान मोदी ने सुप्रिया सुले का उल्लेख करते हुए कहा कि वे अब तैयार हैं और उनके साथ मिलकर देश की जिम्मेदारी संभालेंगी।

मनियार के मुताबिक, प्रधानमंत्री की इस बात पर शरद पवार ने कहा कि जब आप सभी साथ हैं तो उन्हें देश की चिंता करने की जरूरत नहीं है। हालांकि, इस बातचीत को लेकर अभी तक प्रधानमंत्री कार्यालय या शरद पवार की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

एनसीपी के दोनों गुटों के एक होने की चर्चा क्यों?

महाराष्ट्र में राजनीतिक हलचल उस समय बढ़ी, जब एनसीपी के वरिष्ठ नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने रविवार रात केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस प्रतिनिधिमंडल में प्रफुल्ल पटेल, सुनील तटकरे, दिलीप वलसे पाटील, हसन मुश्रीफ, छगन भुजबल और धनंजय मुंडे शामिल थे।

खास बात यह रही कि इस बैठक में उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार और उनके बेटे पार्थ पवार मौजूद नहीं थे। इसके बाद पार्टी के भीतर मतभेद और शरद पवार गुट के साथ संभावित विलय को लेकर अटकलें शुरू हो गईं।

हालांकि, पार्टी ने इन चर्चाओं पर विराम लगाते हुए विलय की संभावना से इनकार किया। मुंबई में हुई कोर कमेटी की बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने कहा कि पार्टी सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में एकजुट होकर काम करेगी।

मोदी और पवार के बीच पुराने हैं मधुर संबंध

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शरद पवार के राजनीतिक रास्ते भले ही अलग रहे हों, लेकिन दोनों के बीच व्यक्तिगत संबंध हमेशा चर्चा में रहे हैं। वर्ष 2015 में बारामती में एक कार्यक्रम के दौरान मोदी ने पवार के राजनीतिक अनुभव की प्रशंसा की थी। वर्ष 2017 में उन्हें पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था।

राजनीतिक मतभेदों के बावजूद दोनों नेताओं के बीच संवाद बना रहा है। महाराष्ट्र से जुड़े प्रशासनिक मामलों और राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर भी दोनों के बीच बातचीत होती रही है। सुप्रिया सुले की बेटी के विवाह समारोह में प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह की मौजूदगी भी दोनों परिवारों के बीच संबंधों की चर्चा का विषय बनी थी।

सीने में दर्द की शिकायत के बाद दोबारा अस्पताल पहुंचे पवार

शरद पवार को 2 नवंबर को खांसी और सांस लेने के दौरान सीने में दर्द की शिकायत के बाद पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों की निगरानी में रहने के बाद बुधवार को उन्हें छुट्टी मिली। इसके कुछ घंटे बाद ही उन्हें आगे की चिकित्सकीय जांच के लिए मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी साझा की।