बिलासपुर में मजदूर के घर से 14 लाख बरामद: संदिग्ध खर्च और पर्दादारी ने खोला राज, पत्नी फरार
अटल आवास में छापे के दौरान अलमारी से मिले 500-500 के बंडल; पति गिरफ्तार, पत्नी पर लंबे समय से नकदी छिपाने का शक
बिलासपुर के मधुबन स्थित अटल आवास में पुलिस ने एक मजदूर के घर से 14 लाख रुपए नकद जब्त किए हैं। देर रात हुई कार्रवाई में अलमारी के अंदर छिपाकर रखे गए नोटों के बंडल मिले। गिरफ्तारी के बाद मजदूर ने खुलासा किया कि सारी रकम उसकी पत्नी घर लेकर आई थी, जो फिलहाल फरार है।
बिलासपुर। बिलासपुर में मधुबन नारियल कोठी के अटल आवास में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। शनिवार को कोतवाली पुलिस, तारबाहर और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने एक मजदूर के घर दबिश देकर अलमारी से 14 लाख रुपए नकदी बरामद किए। बैग में छिपाए गए सभी नोट 500-500 रुपए के थे, जिनसे नमी और बदबू आ रही थी, जिससे अंदेशा है कि रकम लंबे समय से छिपाकर रखी गई थी।
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। आरोपी विजेंद्र बैस (38), जो मेहनत मजदूरी से परिवार चलाता है, अपनी पत्नी के साथ अटल आवास में रहता है। पुलिस को दंपत्ति की संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिली थी। पिछले कुछ दिनों में दोनों का अचानक बढ़ा हुआ खर्च, नई स्कूटी खरीदना, नए घर के निर्माण की शुरुआत और घर पर बड़ा ताला लगाना पुलिस की नजर में आया। इसके बाद टीम ने घर पर छापा मारा।
तलाशी के दौरान अलमारी में रखे एक बैग से नोटों के बंडल मिले। आय के स्रोत के बारे में पूछने पर विजेंद्र कोई दस्तावेज या प्रमाण पेश नहीं कर सका। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने बताया कि उसकी पत्नी ही यह रकम घर लेकर आती थी और अलमारी की चाबी हमेशा अपने पास रखती थी। वह उसे अलमारी छूने तक नहीं देती थी।
पुलिस को अब शक है कि यह पैसा या तो किसी गलत गतिविधि से जुड़ा हो सकता है, या फिर कोई बड़े लोग कार्रवाई से बचाने के लिए इस दंपत्ति को रकम रखवाते रहे हों। विजेंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसकी पत्नी की तलाश जारी है। मामला कई सवाल खड़े कर रहा है जिनके जवाब पत्नी की गिरफ्तारी के बाद ही सामने आएंगे।
suntimes 