नायब तहसीलदार रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार — किसान से फौती दर्ज कराने मांगे थे ₹1.20 लाख
ACB की टीम ने एनटीपीसी कॉफी हाउस में मारा छापा, 50 हजार की पहली किश्त लेते पकड़ा गया अधिकारी — भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई जारी
एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सीपत तहसील के नायब तहसीलदार देश कुमार कुर्रे को 50 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी ने किसान से उसकी माता के नाम दर्ज जमीन का फौती रिकॉर्ड तैयार करने के लिए ₹1.20 लाख की मांग की थी। सोमवार को वह पहली किश्त लेते हुए पकड़ा गया।
बिलासपुर।ACB डीएसपी के अनुसार, ग्राम बिटकुला निवासी किसान प्रवीण पाटनवार ने 30 अक्टूबर को शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि उसकी माता के नाम पर करीब 21 एकड़ कृषि भूमि है, जिनकी मृत्यु के बाद जमीन का फौती रिकॉर्ड उसके नाम और भाई-बहनों के नाम दर्ज होना था।
इस प्रक्रिया के लिए जब किसान नायब तहसीलदार देश कुमार कुर्रे के पास पहुंचा, तो अधिकारी ने इस काम के बदले ₹1.50 लाख की रिश्वत मांगी। शिकायत पर जाल बिछाया गया: किसान ने पैसे देने के बजाय ACB से संपर्क किया और पूरी जानकारी साझा की। शिकायत का सत्यापन कराया गया, जो सही पाया गया। इसके बाद आरोपी अधिकारी ने रकम घटाकर ₹1.20 लाख में सौदा तय किया।
सोमवार को पहली किश्त
₹50 हजार रुपए देने की बात तय हुई। तय योजना के अनुसार, नायब तहसीलदार ने किसान को एनटीपीसी कॉफी हाउस बुलाया। इसी दौरान ACB की टीम भी गुप्त रूप से पीछे-पीछे वहां पहुंची।
कॉफी हाउस में पकड़ा गया अधिकारी: जैसे ही किसान ने नायब तहसीलदार को ₹50 हजार रुपए दिए, ACB की टीम ने मौके पर दबिश दी और आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया। अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
suntimes 