पहले किराया देकर भरोसा जीता, फिर निवेश के नाम पर 28.55 लाख ठगे
एवेना कंपनी के संचालकों पर धोखाधड़ी का आरोप, छह शहरों में प्रॉपर्टी कारोबार का दिया था झांसा; मकान का 4.63 लाख किराया भी नहीं चुकाया
रायपुर। मकान किराये पर लेने के बाद उसी मकान मालकिन को निवेश के जाल में फंसाकर लाखों रुपए की चपत लगाने का मामला सामने आया है। बोरियाकला स्थित ग्रीन विले सिटी की रहने वाली ज्योति सोनी ने एवेना कंपनी के संचालकों और प्रतिनिधियों के खिलाफ मुजगहन थाने में शिकायत की है। महिला के मुताबिक, आरोपियों ने किराये के मकान से शुरुआत की और बाद में दूसरे शहरों में प्रॉपर्टी कारोबार के नाम पर उनसे बड़ी रकम निवेश करा ली।
सोशल मीडिया पर विज्ञापन देकर बनाया संपर्क
शिकायत के अनुसार, मार्च 2026 में इंस्टाग्राम पर एवेना कंपनी का विज्ञापन देखकर ज्योति सोनी ने संपर्क किया था। विज्ञापन में ऋतिक अग्रवाल और अर्जुन अरोरा संपत्तियों को किराये पर लेकर ऑनलाइन संचालन करने की जानकारी दे रहे थे। कंपनी के प्रतिनिधि अजय अग्रवाल ने महिला का मकान किराये पर लिया। शुरुआती दो महीने तक किराया समय पर दिया गया, जिससे महिला को कंपनी पर भरोसा हो गया।
मुनाफे का लालच देकर खाते में मंगाई रकम
विश्वास बनने के बाद कंपनी की ओर से महिला को निवेश का प्रस्ताव दिया गया। बताया गया कि भोपाल सहित अन्य शहरों में मकान किराये पर लेने के लिए उनके मालिकों को अग्रिम सुरक्षा राशि देनी होती है। कंपनी इस मद में निवेश लेकर आगे मुनाफा देती है। महिला ने इस योजना के तहत मई और जून में तीन किस्तों में कुल 10 लाख रुपए बैंक के माध्यम से दिए। शुरुआती महीनों में मुनाफे की रकम मिलने से उनका भरोसा और बढ़ गया।
छह शहरों में विस्तार की बात कहकर ली अतिरिक्त रकम
इसके बाद आरोपियों ने बताया कि कंपनी को भोपाल, देहरादून, नासिक, भीमताल, गोवा और जयपुर में संपत्तियों के संचालन का काम मिल रहा है। इसके लिए अतिरिक्त निवेश की जरूरत बताई गई। कंपनी की ओर से लिखित समझौता और सुरक्षा चेक देने का आश्वासन भी दिया गया। महिला ने अलग-अलग तारीखों में 18.55 लाख रुपए और दे दिए। इस प्रकार कुल निवेश 28.55 लाख रुपए तक पहुंच गया।
फर्जी नामों से संपर्क करने का भी आरोप
पीड़िता ने शिकायत में बताया कि अजय अग्रवाल के नाम से बातचीत करने वाला व्यक्ति वास्तव में कंपनी का निदेशक ऋतिक अग्रवाल है। वहीं आर्यन नाम से संपर्क करने वाले की पहचान अर्जुन अरोरा के रूप में बताई गई है। महिला ने जब निवेश से जुड़े दस्तावेज और सुरक्षा चेक मांगे तो आरोपी लगातार बहाने बनाने लगे।
मकान मालिकों को भी नहीं दी गई सिक्योरिटी राशि
संदेह होने पर महिला ने संबंधित संपत्तियों के बारे में जानकारी जुटाई। इस दौरान उन्हें कथित तौर पर पता चला कि जिन मकान मालिकों को सिक्योरिटी डिपॉजिट देने की बात कहकर उनसे रकम ली गई थी, उन्हें भुगतान नहीं किया गया। इसके अलावा महिला के मकान का 4.63 लाख रुपए किराया भी बकाया है। आखिरकार उन्होंने पुलिस से शिकायत की। मुजगहन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
suntimes 