शबद-कीर्तन की गूंज के बीच निकलेगा नगर कीर्तन, पंज प्यारे संभालेंगे कमान

गुरु नानक देव के 557वें प्रकाश पर्व पर रायपुर में आज जुटेगी संगत, एक मुख्य पालकी के साथ निकलेगी यात्रा; बस्तर के लोकनृत्य की भी रहेगी प्रस्तुति

शबद-कीर्तन की गूंज के बीच निकलेगा नगर कीर्तन, पंज प्यारे संभालेंगे कमान

रायपुर। सिख पंथ के प्रथम गुरु गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व को लेकर शहर के गुरुद्वारों में उत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शुक्रवार को दोपहर 2 बजे स्टेशन रोड गुरुद्वारा से भव्य नगर कीर्तन की शुरुआत होगी। धार्मिक परंपराओं के निर्वहन के साथ इस बार आयोजन में बस्तर की जनजातीय संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी।

आयोजन समिति के प्रमुख इंद्रजीत सिंह छाबड़ा के अनुसार, नगर कीर्तन में इस बार एक ही मुख्य पालकी रखी गई है। पहले अलग-अलग 17 पालकियां निकाली जाती थीं। बदलाव का मकसद संगत को एकजुट रखते हुए यात्रा को अधिक व्यवस्थित स्वरूप देना है। मुख्य पालकी के आगे पांच गुरुद्वारों के पंज प्यारे चलेंगे। उनके पीछे बड़ी संख्या में श्रद्धालु एक साथ गुरबाणी और शबद-कीर्तन करते हुए आगे बढ़ेंगे।

पंज प्यारों की अगुवाई में निकलेगी यात्रा

सिख परंपरा में पंज प्यारों का विशेष धार्मिक महत्व है। नगर कीर्तन में उनकी भूमिका केवल अगुवाई तक सीमित नहीं होती, बल्कि वे अनुशासन और सेवा भावना का संदेश भी देते हैं। इस बार हरिपाल सिंह ओबेरॉय, त्रिलोचन सिंह काले, लखवीर सिंह, सुखदेव सिंह और गुरजीत सिंह को इस जिम्मेदारी के लिए चुना गया है। चयन के लिए अमृतधारी होना, पांच बाणियों का नियमित पाठ करना और धार्मिक अनुशासन का पालन करना प्रमुख शर्तें हैं।

डेढ़ सदी से कायम है नगर कीर्तन की परंपरा

स्टेशन रोड गुरुद्वारा से प्रकाश पर्व पर नगर कीर्तन निकालने की परंपरा लगभग 150 वर्षों से चली आ रही है। हर साल यह आयोजन शहर में धार्मिक सद्भाव और सेवा भावना का संदेश देता है। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अनुसार, इस आयोजन के जरिए पंज प्यारों की 327 साल पुरानी परंपरा को भी सम्मानपूर्वक आगे बढ़ाया जा रहा है।

आदिवासी नृत्य दल बनेगा आकर्षण

इस बार नगर कीर्तन में बस्तर से पहुंचने वाला आदिवासी नृत्य दल अपनी पारंपरिक कला का प्रदर्शन करेगा। इससे आयोजन में धार्मिक आस्था के साथ छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति का रंग भी जुड़ेगा।

अनुशासन बनाए रखने के लिए सख्त नियम

नगर कीर्तन के दौरान धार्मिक वातावरण बनाए रखने के लिए डीजे और तेज आवाज वाले स्पीकरों पर रोक लगाई गई है। गुरबाणी और शबद-कीर्तन के लिए सामान्य माइक का ही इस्तेमाल किया जाएगा। बाइक रैली के दौरान स्टंट और आतिशबाजी की अनुमति नहीं होगी। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से नियमों का पालन करते हुए आयोजन में शामिल होने की अपील की है।

इन प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी यात्रा

नगर कीर्तन दोपहर 2 बजे स्टेशन रोड गुरुद्वारा से रवाना होकर गुरु गोविंद सिंह चौक पहुंचेगा। इसके बाद फाफाडीह चौक, जेल रोड, शास्त्री चौक और घड़ी चौक से होते हुए तेलीबांधा स्थित गुरुद्वारा धन-धन बाबा बूढ़ा साहिब में संपन्न होगा। यातायात पुलिस ने मार्ग पर भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए लोगों से यात्रा के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।

प्रकाश पर्व पर बच्चों की भी रही भागीदारी

मुख्य आयोजन से पहले स्टेशन रोड गुरुद्वारा में सहज पाठ का कार्यक्रम हुआ। इसमें 65 संगतों ने पाठ की समाप्ति की। बच्चों के लिए आयोजित धार्मिक गतिविधियों में करीब 110 बच्चों ने हिस्सा लिया। शबद, कीर्तन और पाठ में भाग लेने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। इसके बाद सभी ने सामूहिक लंगर में प्रसाद ग्रहण किया।

24 नवंबर को होगा मुख्य धार्मिक समागम

गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व का मुख्य दीवान 24 नवंबर को खालसा स्कूल में आयोजित होगा। सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक शबद-कीर्तन और पाठ होगा। अमृतसर से आने वाले रागी जत्थे गुरबाणी की प्रस्तुति देंगे। वहीं, रात 8 से 11 बजे तक विशेष दीवान सजाया जाएगा। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने सभी श्रद्धालुओं से आयोजन में शामिल होने की अपील की है।