बारिश से लौटी ठंड, रायपुर में 9 डिग्री लुढ़का दिन का पारा

अकवान के असर से प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट, 50 किमी की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं; पेंड्रा और केशकाल में धुंध

बारिश से लौटी ठंड, रायपुर में 9 डिग्री लुढ़का दिन का पारा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान अकवान के असर से बारिश और ठंड का दौर जारी है। शुक्रवार की बारिश ने राजधानी रायपुर के तापमान में बड़ी गिरावट ला दी। यहां दिन का पारा सामान्य से 9 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। दूसरी ओर पेंड्रा और केशकाल में बूंदाबांदी के साथ धुंध छाने से सड़कों पर दृश्यता कम हो गई। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के कुछ स्थानों पर भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है।

अकवान चक्रवात का प्रभाव कमजोर होने के बावजूद प्रदेश में मौसम की गतिविधियां जारी हैं। मौसम विभाग के अनुसार, इससे जुड़ा सिस्टम वातावरण से नमी खींच रहा है। इसके चलते प्रदेश के उत्तरी इलाकों में बादल छाने और बारिश होने की संभावना है। शनिवार को एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।

पेंड्रा में सुबह से रुक-रुककर बूंदाबांदी हो रही है। केशकाल में भी बारिश के साथ धुंध का असर दिखाई दिया। यहां दृश्यता कम होने के कारण वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा। प्रदेश के अन्य इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।

शुक्रवार को लगातार बारिश और बादलों के कारण राजधानी का तापमान तेजी से नीचे आया। रायपुर में अधिकतम तापमान 21 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि सामान्य तापमान से यह 9 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री रहा। दिनभर बादल छाए रहने के दौरान शहर में 11.2 मिमी बारिश हुई। ठंड बढ़ने के कारण कुछ इलाकों में लोग अलाव का सहारा लेते दिखाई दिए।

प्रदेश के तापमान की बात करें तो शुक्रवार को अंबिकापुर 25.4 डिग्री अधिकतम तापमान के साथ सबसे गर्म रहा। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री दर्ज किया गया। बारिश और ठंडी हवाओं के कारण कई क्षेत्रों में मौसम सुहावना होने के साथ ठंड का असर भी बढ़ा है।

राजधानी में हल्की बारिश की संभावना

रायपुर में शनिवार सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं। शहर के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान जताया है।

दो दिन बाद बारिश की गतिविधियों में बदलाव

मौसम विभाग के मुताबिक, आगामी दो दिनों में चक्रवाती सिस्टम के और कमजोर होने के साथ बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे बदलाव देखने को मिलेगा। इसके बाद प्रदेश में मौसम की स्थिति में सुधार होने की संभावना है।