अकाउंट सस्पेंड होने पर मेटा के खिलाफ सड़कों पर उतरी यूथ कांग्रेस
मुंबई, हैदराबाद और गुरुग्राम में प्रदर्शन के दौरान हंगामा; मुंबई में चार के खिलाफ केस, हैदराबाद में 21 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर छोड़ा
मुंबई। सोशल मीडिया अकाउंट पर प्रतिबंध लगाने के मुद्दे पर इंडियन यूथ कांग्रेस और मेटा के बीच टकराव बढ़ गया है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा के इंस्टाग्राम अकाउंट निलंबित होने के बाद कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को मुंबई, हैदराबाद और गुरुग्राम में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कई जगहों पर नारेबाजी के साथ हंगामा और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं।
हैदराबाद में कार्यकर्ता मेटा के कार्यालय में प्रवेश कर गए और परिसर के अंदर प्रदर्शन करने लगे। मुंबई में प्रदर्शनकारियों ने भवन के शीशे पर नारा लिखने के साथ पोस्टर जलाकर विरोध जताया। वहीं, गुरुग्राम में मेटा कार्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर ताला लगा दिया गया।
मुंबई में पुलिस ने दर्ज किया केस
मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स स्थित वर्ल्ड वन बिल्डिंग में हुए प्रदर्शन को लेकर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है। पुलिस के मुताबिक, 20 नवंबर की शाम करीब 5:40 बजे 20 से 25 प्रदर्शनकारी वहां पहुंचे थे। इसी दौरान एक महिला ने भवन के शीशे पर 'आरएसएस का बेटा मेटा' लिख दिया। इससे शीशे को नुकसान पहुंचा।
मामले में जीना सबरीन, पवन मजेठिया, निखिल रुपारेल और जाफर को आरोपी बनाया गया है। इनके अलावा 15 से 20 अज्ञात महिलाओं के नाम भी एफआईआर में शामिल हैं। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और महाराष्ट्र के संबंधित कानूनों के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
हैदराबाद में तीन घंटे तक पुलिस हिरासत
हैदराबाद में तेलंगाना यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जक्किडी शिव चरण रेड्डी की अगुवाई में प्रदर्शन किया गया। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कार्यकर्ता मेटा कार्यालय के गलियारों और कैफेटेरिया में दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर 20 से 21 प्रदर्शनकारियों को एहतियातन हिरासत में लिया। करीब तीन घंटे बाद उन्हें रिहा कर दिया गया।
अकाउंट बहाल होने का भी किया दावा
यूथ कांग्रेस ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर दावा किया कि 20 नवंबर को मेटा कार्यालय में प्रदर्शन शुरू होने के 15 मिनट बाद ही उदय भानु चिब और मनीष शर्मा के इंस्टाग्राम अकाउंट बहाल कर दिए गए। संगठन ने आरोप लगाया कि भाजपा के दबाव में विपक्षी नेताओं के सोशल मीडिया खातों पर कार्रवाई की गई।
सात दिन में जवाब देने की मांग
यूथ कांग्रेस ने मेटा के समक्ष चार मांगें रखी हैं। इनमें पिछले छह महीनों के दौरान सरकार के आदेश पर बंद किए गए भारतीय अकाउंट की संख्या और वर्तमान में प्रतिबंधित खातों का ब्योरा मांगा गया है। संगठन ने मेटा को सात दिन का समय देते हुए चेतावनी दी है कि विपक्षी नेताओं, पत्रकारों और कंटेंट क्रिएटर्स के खातों पर लगी पाबंदियां नहीं हटाई गईं तो देशव्यापी स्तर पर मेटा कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन किया जाएगा।
suntimes 