खेतों में भीग रही फसल, खरीदी केंद्रों पर थमी धान की तौल

बारिश से रायपुर-दुर्ग में व्यवस्था प्रभावित, टोकन के बावजूद धान नहीं बेच सके किसान; दोबारा परिवहन का खर्च बढ़ेगा

खेतों में भीग रही फसल, खरीदी केंद्रों पर थमी धान की तौल

रायपुर। चक्रवाती तूफान अकवान ने धान खरीदी के बीच किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। लगातार बारिश से कहीं खेतों में कटी फसल भीग रही है तो कहीं खरीदी केंद्रों में पानी भरने के कारण तौल बंद है। शुक्रवार को रायपुर और दुर्ग सहित कई इलाकों में टोकन के बावजूद किसानों को धान बेचे बिना लौटना पड़ा। मौसम की मार से किसान फसल की गुणवत्ता और आर्थिक नुकसान, दोनों को लेकर चिंतित हैं।

प्रदेश में इस खरीफ सीजन में तूफानों का सिलसिला किसानों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। अर्नब और मुरासु के बाद अब अकवान चक्रवात का असर देखने को मिल रहा है। पिछले 24 घंटे से रुक-रुककर हो रही बारिश ने खेतों में तैयार और कटकर रखी फसल को प्रभावित किया है।

किसानों की चिंता है कि यदि कटी हुई फसल लंबे समय तक भीगती रही तो धान की गुणवत्ता खराब हो सकती है। नमी बढ़ने के साथ अंकुरण की आशंका भी बनी हुई है। दूसरी ओर तेज हवा और बारिश से खेतों में खड़ी फसल के गिरने का खतरा है। रायपुर में अपनी फसल को हुए नुकसान की बात बताते हुए एक किसान भावुक हो गए।

मौसम की खराबी ने धान खरीदी की रफ्तार भी धीमी कर दी है। कई उपार्जन केंद्रों में पानी भरने और जमीन गीली होने के कारण तौल रोकनी पड़ी। किसान पहले से जारी टोकन के आधार पर धान लेकर केंद्र पहुंचे थे, लेकिन खरीदी बंद होने से उन्हें वापस जाना पड़ा। अब उन्हें अगली तारीख का इंतजार करना होगा। किराए के वाहन से धान लाने वाले किसानों को इस प्रक्रिया में दोबारा परिवहन खर्च उठाना पड़ सकता है।

रायपुर में धान को सुरक्षित रखने की चुनौती

रायपुर जिले में बारिश के कारण धान खरीदी केंद्रों की व्यवस्था प्रभावित हुई है। कई केंद्रों में पानी भरने से तौल का काम बंद करना पड़ा। खरीदी के लिए पहुंची उपज को कैप कवर से ढककर बचाने की कोशिश की जा रही है। केंद्रों में नमी और कीचड़ के कारण भी कामकाज प्रभावित हुआ है।

खेतों में कटकर रखी फसल को लेकर किसान ज्यादा परेशान हैं। बारिश में धान भीगने से उसकी गुणवत्ता पर असर पड़ सकता है। किसान श्याम साकरकर और सगु राम साहू ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि एक ओर मौसम के कारण फसल को बचाना मुश्किल हो रहा है, वहीं दूसरी ओर धान बेचने की चिंता बनी हुई है।

दुर्ग में खरीदी के आंकड़े बता रहे असर

दुर्ग जिले में शुक्रवार को 1,092 किसानों के लिए टोकन जारी किए गए थे। इसके बावजूद केवल 21 टोकन पर 83.72 मीट्रिक टन धान की खरीदी हो सकी। अब तक जिले में 2,929 किसानों से 12,356.44 मीट्रिक टन धान खरीदा गया है।

गगापुर के किसान मोहन दास मानिकपुरी 300 कट्टा धान लेकर केंद्र पहुंचे थे। लेकिन बारिश के चलते उनकी उपज की तौल नहीं हो पाई। उन्हें अब दोबारा वाहन किराए पर लेकर धान केंद्र तक पहुंचाने की चिंता है। ऐसे में मौसम की मार के साथ किसानों पर अतिरिक्त खर्च का दबाव भी बढ़ रहा है।