शादी से 2 दिन पहले दुल्हन का मर्डर.....रात 12 बजे मिलने बुलाया, मारकर तालाब में डाला.....

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में शादी से 2 दिन पहले होने वाले दूल्हे ने दुल्हन की हत्या कर दी। रात 12 बजे मिलने के लिए बुलाया और फिर मारकर तालाब में डाल दिया। बताया जा रहा है कि शादी को लेकर दोनों में विवाद हुआ, इसके बाद दोनों में जमकर झूमाझटकी हुई। मामला नंदिनी थाना क्षेत्र के मेडेसरा गांव का है।
मिली जानकारी के मुताबिक ये वारदात 9 जुलाई के रात की है। युवती का नाम तेजश्वनी जोशी (19) है। वहीं आरोपी का नाम हुमन जोशी (24) है, जो बीरेभाठ का रहने वाला था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल, 11 जुलाई को मेडेसरा गांव में तालाब के अंदर तेजश्वनी जोशी की लाश मिली थी। इसे लेकर आशंका जताई जा रही थी कि बिना पसंद शादी करने को लेकर खुदकुशी की है। इस वारदात से शादी वाले घर में मातम पसर गया।
बताया जा रहा है कि मेडेसरा निवासी राजेश जोशी अपनी बेटी तेजश्वनी जोशी, उसकी बड़ी बहन और भाई गजपाल जोशी तीनों की एक साथ शादी कर रहे थे, लेकिन छोटी बेटी की लाश मिलने के बाद शादी रोक दी गई, जिस दिन भाई की हल्दी की रस्म थी, उसी रात ये वारदात हुई। तेजश्वनी के चाचा टोमन लाल जोशी ने बताया कि, 9 जुलाई को तेजश्वनी के भाई की हल्दी का कार्यक्रम था। रात में उसने भाई और बहन के साथ हल्दी लगवाई। संगीत का कार्यक्रम हुआ। सब लोग कार्यक्रम में व्यस्त थे। खाना खाने के बाद अचानक वो घर से बाहर चली गई। सुबह उसकी लाश तालाब में मिली थी। तेजश्वनी और उसकी बड़ी बहन की बारात 12 जुलाई को आनी थी।
पुलिस ने जब मामले की जांच तेज की तो पता चला कि जिस तालाब में लाश मिली है, वहां तेजश्वनी जोशी के साथ उसके होने वाले पति हुमन जोशी के मोबाइल का भी लोकेशन पता रहा है। इसके साथ ही हुमन का ही लास्ट कॉल उसमें शो कर रहा है। ऐसे में पुलिस ने तत्काल हुमन को गिरफ्तार किया। आरोपी ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि 9 जुलाई की देर रात दोनों तालाब के किनारे मिले थे। वहां दोनों के बीच विवाद हुआ था। विवाद के दौरान तेजश्वनी तालाब की सीढ़ियों में गिर गई और बेहोश हो गई। हुमन ने उसे मरा समझकर तालाब में फेंक दिया। मोबाइल को भी तालाब में फेंक दिया और भाग गया।
दुर्ग सिटी एएसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सिर में चोट के निशान मिले थे, तो पुलिस हत्या की आशंका पर जांच कर रहे थी। साथ ही कॉल डिटेल और लोकेशन के आधार पर सबसे बड़ा सस्पेक्ट हुमन जोशी था। उसने हत्या करने की बात स्वीकार की है। वहीं तालाब से मोबाइल रिकवर करने में टीम लगी हुई है।