विदेश में MBA-नौकरी का झांसा, 19 लाख ठगे: किर्गिस्तान भेजकर छोड़ा, कनाडा की नागरिकता का भी दिया लालच
स्मृतिनगर की टॉप कैरियर कंसल्टेंसी का मामला; रकम वापसी के लिए दिए 2-2 लाख के तीन चेक भी हुए फेल
भिलाई। विदेश में पढ़ाई और नौकरी के सपने दिखाकर 19 लाख रुपए लेने के मामले में स्मृतिनगर पुलिस ने कंसल्टेंसी संचालक दंपती समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। शिकायतकर्ता सुमित अरमरकर के अनुसार आरोपियों ने विदेश की यूनिवर्सिटी में MBA एडमिशन, नौकरी, विजिटर वीजा और कनाडा की नागरिकता दिलाने का भरोसा देकर रकम ली। उसे किर्गिस्तान भेजा गया, लेकिन वहां नौकरी की व्यवस्था नहीं हुई। भारत लौटने के बाद रकम वापस मांगने पर मिले तीन चेक भी बाउंस हो गए।
कंसल्टेंसी में हुई थी मुलाकात
मामला स्मृतिनगर स्थित टॉप कैरियर कंसल्टेंसी से जुड़ा है। सेक्टर-1 भिलाईनगर निवासी सुमित ने 15 सितंबर को स्मृतिनगर चौकी में शिकायत दी। उसने कंसल्टेंसी संचालक गगन गुप्ता, उसकी पत्नी स्वाती अग्रवाल गुप्ता और पार्टनर जसविंदर सिंह डिगवा पर रकम लेकर वादा पूरा नहीं करने का आरोप लगाया।
चार देशों में एडमिशन का दावा
शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने यूके, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और कनाडा की यूनिवर्सिटी में MBA में प्रवेश दिलाने की बात कही थी। पढ़ाई के बाद अच्छी नौकरी मिलने और भविष्य में कनाडा की नागरिकता हासिल कराने का भी भरोसा दिया गया। इन वादों के आधार पर सुमित से रकम जमा कराई गई।
19 लाख रुपए अलग-अलग तरीके से लिए
आरोपियों के बताए बैंक खातों में सुमित ने अलग-अलग किस्तों में रुपए जमा किए। कुछ भुगतान चेक के जरिए भी किया गया। कुल रकम 19 लाख रुपए बताई गई है। पैसा लेने के बाद विदेश भेजने और नौकरी की प्रक्रिया के नाम पर उसे लगातार आश्वासन दिए जाने का आरोप है।
किर्गिस्तान में भी नहीं मिली नौकरी
पुलिस के अनुसार सुमित को किर्गिस्तान भेजा गया, लेकिन वहां नौकरी नहीं दिलाई गई। इसके बाद वह वापस भारत आ गया। उसने जब आरोपियों से अपनी रकम लौटाने की मांग की तो उसे 2-2 लाख रुपए के तीन चेक दिए गए। बैंक में भुगतान के लिए प्रस्तुत करने पर तीनों चेक बाउंस हो गए।
नौकरी से लेकर नागरिकता तक के वादों की जांच
पुलिस मामले में विदेश में MBA एडमिशन, नौकरी, विजिटर वीजा और कनाडा की नागरिकता के नाम पर किए गए दावों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि शिकायतकर्ता से किस तरह और किन खातों में रकम ली गई।
बीएनएस की धाराओं में दर्ज हुआ केस
शिकायत के आधार पर थाना सुपेला में धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने गगन गुप्ता और जसविंदर सिंह डिगवा से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार किया। मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
suntimes 