टाटा संस में फिर चंद्रशेखरन युग: बोर्ड ने 5 साल और के लिए चुना चेयरमैन

फरवरी 2027 में खत्म होना था मौजूदा कार्यकाल; अगस्त में पद छोड़ने का ऐलान किया था, अब बोर्ड के आग्रह पर तीसरे कार्यकाल के लिए तैयार

टाटा संस में फिर चंद्रशेखरन युग: बोर्ड ने 5 साल और के लिए चुना चेयरमैन

नई दिल्ली। टाटा संस के नेतृत्व को लेकर पिछले एक महीने से चल रही अनिश्चितता पर फिलहाल नया मोड़ आ गया है। कंपनी के बोर्ड ने एन. चंद्रशेखरन को पांच साल के नए कार्यकाल के लिए फिर कार्यकारी चेयरमैन नियुक्त करने का फैसला किया है। चंद्रशेखरन ने अगस्त में दोबारा पद संभालने से इनकार किया था, लेकिन बोर्ड की नॉमिनेशन कमेटी के अनुरोध के बाद उन्होंने अपने फैसले पर पुनर्विचार किया। गुरुवार को बोर्ड ने बहुमत से उनकी पुनर्नियुक्ति को मंजूरी दी।

छह महीने तक अटका रहा था पुनर्नियुक्ति का प्रस्ताव

टाटा संस के बोर्ड के आधिकारिक बयान के अनुसार, चंद्रशेखरन के अगले पांच साल के कार्यकाल का प्रस्ताव फरवरी 2026 में बोर्ड के सामने रखा गया था। उस समय सर्वसम्मति नहीं बनने के कारण फैसला टाल दिया गया। मई और जून की बैठकों में भी इस मुद्दे पर चर्चा हुई, लेकिन अंतिम निर्णय नहीं हो सका। इसके बाद चंद्रशेखरन ने 12 अगस्त को दोबारा पद के लिए उपलब्ध नहीं होने की बात कही थी।

बोर्ड ने दोबारा विचार करने को कहा

3 सितंबर को नॉमिनेशन एंड रेम्यूनरेशन कमेटी ने चंद्रशेखरन के फैसले पर विचार किया। कमेटी ने उनसे पुनर्विचार करने का अनुरोध करने और अगले बोर्ड बैठक में उनकी पुनर्नियुक्ति की सिफारिश करने का फैसला किया। गुरुवार को चंद्रशेखरन ने बोर्ड के इस अनुरोध को स्वीकार कर लिया। इसके बाद बोर्ड ने पांच साल के नए कार्यकाल के लिए उनकी नियुक्ति को मंजूरी दी।

नोएल टाटा की असहमति बरकरार

इस फैसले पर टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा की ओर से विरोध दर्ज कराया गया। उन्होंने बोर्ड के समक्ष कहा कि चंद्रशेखरन के पद छोड़ने के फैसले को टाटा ट्रस्ट्स पहले ही स्वीकार कर चुका था और उत्तराधिकारी चयन की प्रक्रिया शुरू की जानी चाहिए।

लिस्टिंग की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का निर्णय

इसी बोर्ड बैठक में टाटा संस की शेयर बाजार में लिस्टिंग को लेकर भी कदम उठाने का निर्णय हुआ। कंपनी ने RBI के लागू नियमों के अनुपालन की दिशा में आगे बढ़ने और नियामक, टाटा ट्रस्ट्स तथा अन्य हितधारकों से आवश्यक मार्गदर्शन लेने की बात कही है।

2032 तक संभालेंगे जिम्मेदारी

चंद्रशेखरन का मौजूदा कार्यकाल फरवरी 2027 में समाप्त होगा। नए पांच साल के कार्यकाल के बाद वे 2032 तक टाटा संस के कार्यकारी चेयरमैन रहेंगे। वे 2017 से टाटा संस की कमान संभाल रहे हैं और यह उनका तीसरा कार्यकाल होगा।