तीन राज्यों के चुनाव नतीजे:त्रिपुरा और नगालैंड में भाजपा की वापसी तय, मेघालय में NPP जश्न; नतीजों पर 8 बजे बोलेंगे PM

पूर्वोत्तर के 3 राज्यों के विधानसभा चुनाव में वोटों की गिनती जारी है। त्रिपुरा और नगालैंड में भाजपा की वापसी तय हो गई है। मेघालय में मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा की NPP सबसे बड़ी पार्टी बन गई है।
ज्यादातर सीटों पर रिजल्ट आ गए हैं और कई पर राजनीतिक दलों ने बढ़त बना ली है। दोनों आधार पर जो तस्वीर सामने आ रही है, उसके मुताबिक नगालैंड में भाजपा गठबंधन को 36 और त्रिपुरा में 34 सीटें मिल रही हैं। मेघालय में NPP के खाते में अभी 25 सीटें आ रही हैं।
वोटिंग के बाद आए एग्जिट पोल्स में त्रिपुरा-नगालैंड में भाजपा गठबंधन को बहुमत का अनुमान लगाया गया था। मेघालय में हंग असेबंली के आसार जाहिर किए गए थे। हालांकि, संगमा यहां पर मजबूत स्थिति में नजर आ रहे हैं।
बड़े अपडेट्स...
- तीनों राज्यों के मुख्यमंत्री अपनी सीटों पर जीते। त्रिपुरा में माणिका साहा को पश्चिम त्रिपुरा की नगर बरदोवाली, मेघालय में कॉनराड संगमा को वेस्ट गारो हिल्स की दक्षिण तुरा (ST) सीट से और नगालैंड में नेफ्यू रियो को कोहिमा की नॉर्दन अंगामी II (ST) सीट पर जीत मिली।
- प्रधानमंत्री रात 8 बजे भाजपा मुख्यालय जाएंगे। 3 राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजों पर स्पीच देंगे।
- हेकानी जाखालू दीमापुर III सीट जीतकर नगालैंड की पहली महिला MLA बन गई हैं। 1963 में नगालैंड राज्य बना, अब तक कोई महिला विधानसभा चुनाव नहीं जीती थी।
-
त्रिपुरा में 86.10% मतदान, यह पिछले चुनाव से 4% कम
त्रिपुरा में विधानसभा चुनाव में 16 फरवरी को 60 सीटों पर 86.10% मतदान हुआ। यह पिछले चुनाव से 4% कम रहा। 2018 में त्रिपुरा में 59 सीटों पर 90% मतदान हुआ था। बीजेपी 35 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। इसके साथ ही भाजपा ने लेफ्ट के 25 साल के गढ़ को ध्वस्त कर दिया था। पिछले चुनाव में जीत के बाद पार्टी ने बिप्लब देव को CM बनाया था, लेकिन मई 2022 में माणिक साहा को मुख्यमंत्री बनाया गया। पार्टी ने साहा के नेतृत्व में चुनाव लड़ा था।2023 के चुनाव में भाजपा ने सभी 60, लेफ्ट-कांग्रेस के गठबंधन ने (क्रमश: 47 और 13 सीटों) पर चुनाव लड़ा। टिपरा मोथा पार्टी ने 42 सीटों पर चुनाव लड़ा। इस तरह राज्य में त्रिकोणीय मुकाबला की उम्मीद है। 2018 के चुनाव में भाजपा को 35, सीपीआईएम को 16 और IPFT को 7 सीटें मिली थीं। भाजपा ने सरकार बनाई थी।
-
मेघालय: 85.27% वोटिंग, यह पिछले चुनाव से 10% ज्यादा
मेघालय में 27 फरवरी को 60 में से 59 सीटों पर मतदान हुआ। 85.27% वोटिंग हुई। सोहियोंग सीट पर UDP उम्मीदवार एचडीआर लिंगदोह के निधन की वजह से चुनाव टाल दिया गया था। 2018 में 67% वोटिंग हुई थी। इस बार NPP ने 57, कांग्रेस और BJP ने 60-60 और TMC ने 56 सीटों पर कैंडिडेट उतारे हैं।मेघालय में 2018 में 59 सीटों पर चुनाव हुए थे। कांग्रेस ने सबसे ज्यादा 21 सीटें जीती थीं। BJP को यहां महज 2 सीटें ही मिल सकी थीं। नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) को 19 सीटें मिली थीं। इसने पीडीएफ और एचएसपीडीपी के साथ मिलकर सरकार बनाई। इन्होंने मेघालय डेमोक्रेटिक अलायंस (एमडीए) बनाया। एनपीपी के कॉनराड संगमा मुख्यमंत्री हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नगालैंड और मेघालय में तीन चुनावी सभाओं में शामिल हुए। प्रधानमंत्री ने मेघालय के शिलॉन्ग में कहा कि कुछ लोग जिनको देश ने नकार दिया है, जो निराशा के गर्त में डूब चुके हैं, वो आजकल माला जपते हैं और कह रहे हैं कि मोदी तेरी कब्र खुदेगी, लेकिन देश कह रहा है, देश का कोना कोना कह रहा है, मोदी तेरा कमल खिलेगा।