क्रिकेट मैच के दौरान युवक पर गिरी आकाशीय बिजली, 18 वर्षीय शक्ति की मौत

भिलाई के पुरैना मैदान में दोस्तों संग खेल रहा था क्रिकेट, मौसम बदलते ही हुआ हादसा; अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

क्रिकेट मैच के दौरान युवक पर गिरी आकाशीय बिजली, 18 वर्षीय शक्ति की मौत

भिलाई के पुरैना इलाके में बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसे में क्रिकेट खेल रहे 18 वर्षीय युवक की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। तेज गरज और बारिश के बीच मैदान में खेल रहे युवक के ऊपर अचानक गाज गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। साथियों ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक अपने परिवार का इकलौता बेटा था।

भिलाई के स्टोर पारा पुरैना स्थित मैदान में बुधवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब क्रिकेट खेल रहे एक युवक पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। हादसे में 18 वर्षीय शक्ति विश्नोई की मौत हो गई। घटना से इलाके में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब 5:15 बजे मौसम ने अचानक करवट ली। तेज धूप के बाद आसमान में बादल छा गए और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान शक्ति विश्नोई अपने दोस्तों के साथ मैदान में क्रिकेट खेल रहा था। तभी अचानक तेज गड़गड़ाहट के बीच गाज उसके सीने के पास आ गिरी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया।

हादसे के बाद मैदान में मौजूद साथी घबरा गए और तत्काल डायल-112 को सूचना दी। घायल शक्ति को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी सांसें थम गईं। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि घटना के समय शक्ति के पास मोबाइल फोन भी था। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है। शक्ति अपने परिवार का इकलौता बेटा था और उसकी तीन बहनें हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया।

गौरतलब है कि बुधवार को दिनभर तेज गर्मी के बाद शाम होते-होते मौसम बदला और दुर्ग-भिलाई सहित आसपास के कई इलाकों में हल्की बारिश के साथ बिजली कड़कने की घटनाएं हुईं।