बांबे आवास में युवक की हत्या से तनाव, नशे के कारोबार को लेकर पिता ने उठाए सवाल

स्कूल के पास 19 वर्षीय शिवा पर हुआ धारदार हथियार से हमला, पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ा; अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच की मांग

बांबे आवास में युवक की हत्या से तनाव, नशे के कारोबार को लेकर पिता ने उठाए सवाल

दुर्ग-भिलाई। बांबे आवास उरला में गुरुवार शाम हुई युवक की हत्या के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। शिव बहादुर सिंह सोनी उर्फ शिवा (19) पर सरस्वती ज्ञान मंदिर स्कूल के पास धारदार हथियार से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल शिवा को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। मोहन नगर पुलिस ने मामले में लक्ष्मी नारायण सारथी उर्फ लक्ष्य घोड़ा (20) को गिरफ्तार किया है। मृतक के पिता का आरोप है कि शिवा क्षेत्र में नशीली गोलियों और सिरप की बिक्री का विरोध करता था। उन्होंने वारदात में अन्य लोगों के शामिल होने की आशंका जताते हुए पूरे मामले की जांच की मांग की है।

घर से निकला था, कुछ देर बाद मिली मौत की सूचना

पिता अमरजीत सोनी ने बताया कि गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे शिवा घर से यह कहकर निकला था कि वह 10 मिनट में लौट आएगा। जब वह तय समय पर वापस नहीं आया तो पिता ने फोन लगाकर जानकारी ली। शिवा ने कुछ देर में आने की बात कही थी। इसके बाद मोहल्ले के बच्चे घर पहुंचे और बताया कि उस पर चाकू से हमला हुआ है। परिजन तत्काल उसे अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।

चार से छह महीने से नशे की बिक्री का आरोप

अमरजीत सोनी का कहना है कि क्षेत्र में पिछले चार से छह महीने से नशीली गोलियों और सिरप की बिक्री हो रही थी। उनका बेटा इस गतिविधि का विरोध करता था। पिता के मुताबिक, शिवा ने संबंधित लोगों से कहा था कि नशे का सामान बेचने की गतिविधि दोबारा सामने आई तो वह मोहल्ले के लोगों के साथ पुलिस थाने और एसपी कार्यालय में शिकायत करेगा।

पिता को संदेह है कि इसी वजह से उनके बेटे की हत्या की गई। हालांकि, पुलिस की जांच में अभी तक हत्या के पीछे की वजह और कथित नशे के कारोबार से संबंध की पुष्टि नहीं हुई है।

एक से अधिक लोगों के शामिल होने की आशंका

पिता ने दावा किया कि घटना के समय सात से आठ युवक मौजूद थे और कुछ ने चेहरे ढंके हुए थे। उन्होंने शिवा के शरीर पर धारदार हथियार से कई जगह वार किए जाने की बात कही। अमरजीत सोनी ने मांडा देवार सहित अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वारदात में अन्य लोगों की भूमिका को लेकर जांच जारी है।

परिवार का इकलौता बेटा था शिवा

शिवा अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी बड़ी बहन विवाहित है। उसने 11वीं तक पढ़ाई की थी, इसके बाद स्कूल छोड़ दिया। पिता के अनुसार, शिवा का किसी से कोई व्यक्तिगत विवाद नहीं था। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

पुलिस चौकी और पेट्रोलिंग को लेकर नाराजगी

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। तुषार सूर्यवंशी ने आरोप लगाया कि पिछले तीन से चार महीने से क्षेत्र में पुलिस की नियमित मौजूदगी और गश्त नजर नहीं आ रही है। उन्होंने सवाल किया कि पुलिस चौकी होने के बावजूद आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी रोक क्यों नहीं लग पा रही है।

प्रतीक अग्रवाल ने कहा कि नशे की समस्या शहर के कई इलाकों में चिंता का विषय है। नयापारा और गंजपारा में भी नशीले पदार्थों की उपलब्धता को लेकर शिकायतें हैं। उन्होंने नशे की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने और हत्या के आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही शनिवार को धरना देने की बात कही।

धारा 103(1) के तहत केस, जांच के बाद आगे की कार्रवाई

एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि मोहन नगर थाना क्षेत्र में विवाद के दौरान युवक पर धारदार हथियार से हमला हुआ था। उपचार के लिए अस्पताल ले जाने पर उसकी मौत हो गई। पुलिस ने लक्ष्मी नारायण सारथी को गिरफ्तार कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का प्रकरण दर्ज किया है।

मृतक के पिता की ओर से साजिश और अन्य लोगों की संलिप्तता को लेकर लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।