सूने घरों पर नजर रखने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 3 आरोपी गिरफ्तार

8.22 लाख की चोरी का माल बरामद, सोना-चांदी के जेवर, नगदी और वाहन जब्त

सूने घरों पर नजर रखने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 3 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। थाना अमलेश्वर क्षेत्र में हुई संगठित चोरी की वारदात का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोना-चांदी के जेवर, नगदी, मोबाइल फोन सहित चोरी की रकम से खरीदी गई स्कूटी और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। कुल जब्त संपत्ति की कीमत लगभग 8 लाख 22 हजार 480 रुपये आंकी गई है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्रा के अनुसार, प्रार्थी ने थाना अमलेश्वर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 25 से 29 जनवरी 2026 के बीच वह घर से बाहर था। वापस लौटने पर घर का मुख्य दरवाजा और अंदर के ताले टूटे मिले, जबकि आलमारी का लॉक तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नगदी चोरी कर ली गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वे रात के समय सूने मकानों की रेकी कर योजनाबद्ध तरीके से चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।

गिरफ्तार आरोपियों में खिलेश दास मानिकपुरी (22) निवासी दुर्गानगर अमलेश्वर, भुनेश्वर उर्फ नानू यादव (21) निवासी रायपुरा रायपुर तथा तुलेश्वर सोनकर उर्फ टिल्लू (24) निवासी कृष्णा नगर डगनिया रायपुर शामिल हैं। मुख्य आरोपी खिलेश दास ने अपने साथी भुनेश्वर के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया, जबकि चोरी के जेवर तुलेश्वर सोनकर को बेचने के लिए दिए जाते थे।

पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 54 ग्राम सोना, 513 ग्राम चांदी, 6,480 रुपये नगद, एक स्कूटी, एक मोटरसाइकिल तथा ओप्पो और आईफोन सहित कई मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जब्त आभूषणों में मंगलसूत्र, अंगूठी, बाली और पायल शामिल हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने आर्थिक लाभ के लिए सुनियोजित तरीके से सूने मकानों को निशाना बनाना स्वीकार किया है।

पुलिस की अपील:

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि लंबे समय तक घर खाली छोड़ने पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करें, पड़ोसियों या स्थानीय पुलिस को सूचना दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को उपलब्ध कराएं।