महिला मित्र से बदसलूकी के आरोप पर बढ़ा विवाद, चाकू के वार से युवक की मौत
हरिनगर के PG में रात 3 बजे हुआ खूनी संघर्ष; पैर और जांघ में गंभीर चोट के बाद अस्पताल में तोड़ा दम, एक आरोपी हिरासत में
हरिनगर के एक PG में सोमवार की देर रात दो पक्षों के बीच हुआ विवाद जानलेवा साबित हुआ। महिला मित्र से कथित बदसलूकी को लेकर शुरू हुई कहासुनी के बाद मारपीट और चाकूबाजी हो गई। हमले में 26 वर्षीय चित्रेश सहारे के पैर और जांघ में चाकू के वार लगे। गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाए गए चित्रेश को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मोहन नगर पुलिस ने वैभव मानकर को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दुर्ग। बताया जा रहा है कि चित्रेश सहारे रात करीब 3 बजे अपने दोस्त के PG रूम में महिला मित्र के साथ पहुंचा था। वहां किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। महिला मित्र के साथ कथित तौर पर बदसलूकी किए जाने की बात को लेकर विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी, फिर हाथापाई होने लगी।
इसी दौरान चाकू निकलने से स्थिति और बिगड़ गई। चित्रेश पर चाकू से हमला किया गया, जिससे उसके पैर और जांघ में गंभीर चोटें आईं। खून से लथपथ हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर मोहन नगर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस ने वैभव मानकर को हिरासत में लिया है। पुलिस घटना के पीछे की वास्तविक वजह और विवाद के दौरान मौजूद लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। फिलहाल मामले में पूछताछ और जांच का सिलसिला जारी है।
suntimes 