दुर्ग लोकसभा सीट पर वोटिंग जारी...विधायक रिकेश सेन ने डाला वोट....

छत्तीसगढ़ में तीसरे और अंतिम चरण के लिए दुर्ग लोकसभा सीट पर सुबह 7 बजे से वोटिंग जारी है, जो कि शाम 6 बजे तक चलेगी। कांग्रेस-भाजपा के दिग्गज नेता समेत 25 प्रत्याशी चुनावी मैदान में अपना भाग्य आजमा रहे हैं। इसके नतीजे 4 जून को आएंगे। यहां बीजेपी प्रत्याशी विजय बघेल और कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र साहू के बीच मुख्य मुकाबला है। दोनों ने अपने-अपने मताधिकार का प्रयोग कर लिया है। दुर्ग लोकसभा सीट पर दोपहर 2 बजे तक 50.68% प्रतिशत मतदान हुआ है।
इधर भिलाई शहर में BJP के टेंट में भगवान श्रीराम की फोटो लगाई गई है। शारदा पारा कैंप 1 के पोलिंग बूथ के पास बीजेपी का टेंट लगा है। सांकेतिक रूप से ये बताया जा रहा है कि अयोध्या में श्रीराम लला की प्राण-प्रतिष्ठा करने वाले नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। विधायक रिकेश सेन ने बूथ क्रमांक 92 शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय वैशाली नगर में मतदान कर दिया है।
दुर्ग लोकसभा क्षेत्र में अब तक 11 बैलेट यूनिट, 4 कंट्रोल यूनिट, 26 वीवीपैट बदले गए। 50 प्रतिशत लाइव वेबकास्ट के माध्यम से मॉनिटरिंग की जा रही है। कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी की नजर खुद मतदान पर है। अतिरिक्त अधिकारियों की ड्यूटी लाइव वेबकास्ट की मॉनिटरिंग के लिए लगाई गई है। दुर्ग लोकसभा में अब तक अब तक 31 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया है।