भिलाई सेक्स रैकेट मामले में बढ़ी जांच, दूसरे शहरों तक फैले नेटवर्क की तलाश
पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल खंगाल रही; जिन ग्राहकों से संपर्क मिला उनकी भी होगी पूछताछ
दुर्ग-भिलाई। भिलाई में पॉश कॉलोनी से पकड़े गए देह व्यापार रैकेट के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस को आशंका है कि यह नेटवर्क केवल एक मकान तक सीमित नहीं था, बल्कि शहर और आसपास के क्षेत्रों में भी इसका संचालन किया जा रहा था।
जांच के दौरान जब्त किए गए मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और चैट हिस्ट्री खंगाली जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि इससे रैकेट से जुड़े अन्य लोगों और नियमित ग्राहकों की जानकारी मिल सकती है।
सूत्रों के अनुसार पुलिस को कई संदिग्ध नंबर भी मिले हैं, जिनसे लगातार संपर्क किया जा रहा था। इन नंबरों के आधार पर जल्द ही कुछ और लोगों से पूछताछ की जा सकती है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि युवतियों को किस एजेंट या नेटवर्क के जरिए बाहर से बुलाया जाता था और उन्हें किन-किन स्थानों पर भेजा जाता था। जांच अधिकारियों का कहना है कि मामले में मानव तस्करी के पहलू को भी ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। यदि अन्य शहरों या राज्यों से जुड़े नेटवर्क का खुलासा होता है तो संबंधित एजेंसियों को भी जानकारी दी जाएगी।
suntimes 