खास समाचार : यूट्यूब से सीखी अफीम की खेती, दुर्ग में डेढ़ एकड़ में उगाई अवैध फसल का खुलासा

मुख्य आरोपी के मोबाइल में मिले सैकड़ों वीडियो; मामले के बाद प्रशासन सख्त, जिले के सभी फार्महाउस की जांच के निर्देश

खास समाचार : यूट्यूब से सीखी अफीम की खेती, दुर्ग में डेढ़ एकड़ में उगाई अवैध फसल का खुलासा

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अफीम की अवैध खेती का मामला सामने आने के बाद जांच में चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। पुलिस को मुख्य आरोपी के मोबाइल से ऐसे सैकड़ों वीडियो मिले हैं, जिनमें अफीम की खेती से लेकर उसे तैयार करने और बेचने तक की जानकारी थी। मामले के उजागर होने के बाद जिला प्रशासन ने जिले के सभी फार्महाउस की जांच के आदेश दे दिए हैं।

दुर्ग-भिलाई। दुर्ग जिले के समोदा गांव में अवैध अफीम की खेती के मामले में पुलिस जांच लगातार नए खुलासे कर रही है। जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी विकास विश्नोई ने अफीम की खेती का तरीका इंटरनेट और यूट्यूब वीडियो के जरिए सीखा था। पुलिस को उसके मोबाइल की हिस्ट्री में खेती करने से लेकर अफीम तैयार करने और उसे खपाने तक से जुड़े सैकड़ों वीडियो मिले हैं।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया है कि उसने समोदा गांव में डेढ़ एकड़ जमीन पर अफीम की खेती की थी। उसने यह भी बताया कि करीब 150 ग्राम अफीम दुर्ग से अपने राजस्थान स्थित गांव भी ले गया था।

तीन आरोपी गिरफ्तार, रिमांड पर पूछताछ

मामले में पुलिस ने भाजपा नेता विनायक ताम्रकार, विकास विश्नोई और मनीष ठाकुर को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब उनसे इस अवैध खेती से जुड़े अन्य लोगों और संभावित नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है।

डेढ़ एकड़ में लाखों पौधे मिले

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने खेत से करीब 14 लाख 30 हजार अफीम के पौधे बरामद किए हैं। मौके पर खड़ी पूरी फसल को नष्ट कर दिया गया। इसके साथ ही खेत से ट्रैक्टर, जेसीबी, हार्वेस्टर, बाइक, 7 बोरी डोडा, कृषि उपकरण और सीसीटीवी कैमरे सहित कई सामान भी जब्त किए गए हैं।

छह साल से दुर्ग में रह रहा था आरोपी

बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी विकास विश्नोई पिछले लगभग छह वर्षों से दुर्ग में रह रहा था। वह भाजपा नेता विनायक ताम्रकार के कपास फार्महाउस में अपनी पत्नी के साथ रहता था। 3 मार्च को खेत में लगी अफीम की फसल की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उसने अपनी पत्नी को दुर्ग से राजस्थान भेज दिया था।

प्रशासन ने दिए जांच के निर्देश

मामले के सामने आने के बाद जिला प्रशासन भी सतर्क हो गया है। दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह ने जिले में संचालित सभी फार्महाउस की जांच कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी तहसीलदारों को अपने-अपने क्षेत्र के फार्महाउस की जांच कर रिपोर्ट सौंपने के लिए कहा है।

इसके अलावा संबंधित जमीन के सर्वे से जुड़े कर्मचारी शशिकांत साहू और पटवारी अनीता साहू को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है। प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि जमीन के सर्वे के दौरान इस तरह की अवैध खेती की जानकारी क्यों सामने नहीं आई।