शादी में गया परिवार, पीछे से सूने मकान में चोरी… दुर्ग के राधिका नगर में लाखों के जेवर और नकदी पार

सुपेला थाना क्षेत्र में देर रात वारदात, टूटा मिला मुख्य दरवाजे का ताला… पुलिस CCTV फुटेज खंगालने में जुटी

दुर्ग के सुपेला थाना क्षेत्र स्थित राधिका नगर में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। परिवार शादी समारोह में शामिल होने बाहर गया था, इसी दौरान देर रात बदमाश घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और सोने-चांदी के जेवरात समेत करीब एक लाख रुपए नकद लेकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है।

दुर्ग शहर में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। ताजा मामला सुपेला थाना क्षेत्र के राधिका नगर का है, जहां देर रात अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान में धावा बोल दिया। बताया जा रहा है कि राधिका नगर निवासी त्रिलोक सिंह अपने परिवार के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने बाहर गए हुए थे। इसी बीच चोरों ने उनके घर को निशाना बनाया।

अल सुबह जब त्रिलोक सिंह अपने परिवार के साथ वापस घर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर प्रवेश करते ही परिवार के होश उड़ गए। कमरों का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात सहित करीब एक लाख रुपए नकद गायब थे।

घटना की जानकारी मिलते ही त्रिलोक सिंह ने तत्काल सुपेला थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू करते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ की। वहीं क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों का सुराग मिल सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।