दुर्ग में सड़क हादसा: ट्रक ने महिला को रौंदा, ग्रामीणों ने स्टेट हाईवे जाम किया

कचरा फेंकने निकली महिला की मौके पर मौत; आक्रोशित ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन, पुलिस ने मौके पर किया नियंत्रण

दुर्ग में सड़क हादसा: ट्रक ने महिला को रौंदा, ग्रामीणों ने स्टेट हाईवे जाम किया

शनिवार शाम दुर्ग जिले के चंदखुरी गांव में एक सड़क हादसे में महिला की मौत से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने मृतका का शव सड़क पर रखकर स्टेट हाईवे जाम कर दिया और देर रात तक प्रदर्शन करते हुए परिजनों के लिए मुआवजे की मांग की।

दुर्ग। सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि मृतका चंदखुरी स्थित एक राइस मिल में कार्यरत थी।
शाम करीब 6 बजे वह राइस मिल परिसर से बाहर कचरा फेंकने गई थी। तभी धान से भरा तेज रफ्तार ट्रक उसे टक्कर मारते हुए पीछे के पहिए के नीचे ले गया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई और ट्रक चालक फरार हो गया।

ग्रामीणों का गुस्सा और प्रदर्शन

हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मृतका का शव सड़क पर रखकर हाईवे जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि राइस मिल के बाहर भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।

मुआवजे और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग

ग्रामीण प्रशासन से तुरंत कार्रवाई और उचित मुआवजा मांग रहे हैं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाइश दी, जिसके बाद जाम खोला गया। मृतका के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया और पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।