अमिताभ बच्चन के ‘जलसा’ को बम से उड़ाने की धमकी, दिलजीत दोसांझ भी निशाने पर
मुंबई की मेयर को मिला धमकी भरा ई-मेल, 31 अक्टूबर से 27 नवंबर के बीच हमले की आशंका जताई; पुलिस और साइबर सेल ने शुरू की जांच
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन और पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ को धमकी मिलने के बाद मुंबई में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। शुक्रवार को मुंबई की मेयर रितु तावड़े को भेजे गए एक ई-मेल में अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’ को बम से उड़ाने और दिलजीत दोसांझ पर आत्मघाती हमला करने की धमकी दी गई। मेल में 31 अक्टूबर से 27 नवंबर के बीच संभावित हमले का जिक्र किया गया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड ने बीएमसी मुख्यालय में तलाशी अभियान चलाया। पुलिस और साइबर सेल ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटे हैं।
मेल में ऑपरेशन ब्लू स्टार और खालिस्तान का जिक्र
धमकी भरे ई-मेल में खालिस्तान समर्थक नारे लिखे होने और 1984 के ऑपरेशन ब्लू स्टार का बदला लेने की बात कही गई है। इसमें 1984 के सिख-विरोधी दंगों का भी उल्लेख किया गया है। मेल में दावा किया गया कि अमिताभ बच्चन के पैर छूने के कारण दिलजीत दोसांझ को निशाना बनाया जाएगा। साथ ही 27 नवंबर को महालक्ष्मी रेस कोर्स में दिलजीत पर आत्मघाती हमला करने की धमकी दी गई है। हालांकि, ई-मेल में किए गए दावों और धमकी की विश्वसनीयता की जांच जारी है।
बीएमसी मुख्यालय में सुरक्षा एजेंसियों की तलाशी
धमकी की जानकारी मिलने के बाद मुंबई पुलिस की टीमों के साथ बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड बीएमसी मुख्यालय पहुंचे। मेयर और डिप्टी मेयर के कार्यालयों सहित विभिन्न कक्षों की जांच की गई। पुलिस ने परिसर में सुरक्षा संबंधी पड़ताल की। मामले की गंभीरता को देखते हुए ई-मेल के स्रोत, उसकी सामग्री और भेजने वाले की पहचान का पता लगाया जा रहा है।
पांच दिन पहले टाइगर श्रॉफ की कार पर चली थीं गोलियां
यह धमकी ऐसे समय सामने आई है, जब मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की घटना के बाद जांच जारी है। 18 अक्टूबर को जुहू इलाके में फुटबॉल खेलने के बाद निकल रहे टाइगर की कार को निशाना बनाकर पांच राउंड गोलियां चलाई गई थीं। घटना में टाइगर को चोट नहीं आई, जबकि उनके ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की जानकारी दी गई थी। इस मामले में अब तक 10 आरोपियों की गिरफ्तारी की बात सामने आई है। इनमें हरियाणा के सात आरोपी, उत्तर प्रदेश की दो महिलाएं और बिहार का एक युवक शामिल बताया गया है। फायरिंग की जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग की ओर से लिए जाने का भी दावा किया गया था।
दादर के चार स्कूलों को भी धमकी भरे ई-मेल
मुंबई में शुक्रवार को दादर क्षेत्र के करीब चार प्रमुख स्कूलों को भी धमकी भरे ई-मेल मिलने की जानकारी सामने आई। सूचना के बाद पुलिस ने स्कूल परिसरों में तलाशी अभियान चलाया। जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। हालांकि, धमकी के चलते कुछ समय के लिए स्कूलों में चिंता का माहौल रहा। पुलिस इन ई-मेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।
suntimes 