जमीन विवाद में खूनी खेल: बेटे ने परिवार के चार लोगों को कुल्हाड़ी से उतारा मौत के घाट
जांजगीर-चांपा के भंवतरा गांव में सनसनीखेज वारदात, माता-पिता समेत भतीजा और मूकबधिर भतीजी की हत्या, आरोपी बेटा और उसका पुत्र हिरासत में
जांजगीर-चांपा। शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के ग्राम भंवतरा में पारिवारिक विवाद ने बुधवार रात खौफनाक रूप ले लिया। जमीन को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद के बीच एक ही परिवार के चार लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई। मृतकों में बुजुर्ग दंपती, उनका नाती और मूकबधिर नातिन शामिल हैं। पुलिस ने मामले में मृतक दंपती के मंझले बेटे सोनसाय कश्यप और उसके बेटे गोलू को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मेदनी प्रसाद कश्यप (70) अपनी पत्नी कांति बाई (65), नाती पीतांबर (17) और मूकबधिर नातिन मोगरा के साथ निर्माणाधीन मकान के पीछे बने घर में रहते थे। बुधवार रात परिवार के सभी सदस्य भोजन के बाद सोने चले गए। गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे निर्माण कार्य में लगे मिस्त्री जब काम पर पहुंचे तो सामने वाले मकान का दरवाजा बंद मिला। शक होने पर पीछे जाकर देखने पर चारों की खून से सनी लाशें खाट पर पड़ी मिलीं।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। सरपंच की सूचना पर पुलिस, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचा। जांच के दौरान स्निफर डॉग घर के पीछे के रास्ते सीधे संदेही सोनसाय कश्यप के घर तक पहुंचा। घर में ताला लगा होने पर पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर तलाशी ली, जहां से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद की गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात पारिवारिक और जमीन विवाद से जुड़ी हो सकती है। पुलिस के अनुसार, बुजुर्ग दंपती और दोनों बच्चों पर सोते समय धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला किया गया। वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि आरोपी सोनसाय कश्यप करीब 16-17 वर्ष पहले अपने छोटे भाई की हत्या के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस अब पुराने विवाद, पारिवारिक तनाव और संपत्ति संबंधी पहलुओं को आधार बनाकर मामले की गहन जांच कर रही है।
suntimes 