प्लांट की सुरक्षा में सेंध की कोशिश, 5 पकड़े

BSP से 100 किलो कॉपर केबल निकालने की तैयारी में थे आरोपी, CISF ने दबोचा; कार और चार मोबाइल के जरिए जांच आगे बढ़ी

प्लांट की सुरक्षा में सेंध की कोशिश, 5 पकड़े

दुर्ग-भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच स्क्रैप कॉपर केबल चोरी करने की कोशिश का मामला सामने आया है। पांच आरोपी प्लांट परिसर में पहुंचकर करीब 100 किलो कॉपर केबल एकत्र कर उसे कार में भर चुके थे। बाहर निकलने से पहले ही CISF की टीम ने उन्हें पकड़ लिया। मामले में भिलाई भट्ठी पुलिस ने पांचों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

CISF की शिकायत पर 3 सितंबर को भिलाई भट्ठी थाने में मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस ने संदिग्धों की पहचान कर पूछताछ शुरू की। पूछताछ और जांच के आधार पर पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।

निशाने पर था स्क्रैप कॉपर

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने अन्य साथियों के साथ मिलकर BSP परिसर से स्क्रैप कॉपर केबल चोरी करने की योजना बनाई थी। प्लांट के अंदर से केबल को एक स्थान पर इकट्ठा करने के बाद कार में लोड किया जा रहा था। इसी दौरान CISF की निगरानी में मामला आ गया।

80 हजार की सामग्री जब्त

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 100 किलो स्क्रैप कॉपर केबल बरामद की, जिसकी कीमत करीब 50 हजार रुपए आंकी गई है। घटना में इस्तेमाल चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। इनकी कीमत करीब 30 हजार रुपए बताई गई है। इस तरह पुलिस ने कुल 80 हजार रुपए की सामग्री बरामद की।

अन्य साथियों की तलाश जारी

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में अन्य लोगों के शामिल होने के संकेत मिले हैं। अब उनकी भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि प्लांट से स्क्रैप सामग्री चोरी करने के पीछे कोई संगठित गिरोह तो सक्रिय नहीं है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरीश बाग (24), दीपक ठाकुर (24), प्रेम बंजारे उर्फ गुड्डू (25), अंकुश ठाकुर उर्फ नौउवा (20) और प्रीतम कुमार उर्फ पंचू (31) के रूप में हुई है। सभी दुर्ग जिले के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं। 4 सितंबर को उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।