फसल बर्बाद, अब बीमा क्लेम के लिए भटक रहे किसान

ढौर सोसायटी में पॉलिसी नंबर गलत मिलने का आरोप, कांग्रेस ने जिलेभर के किसानों के दस्तावेजों की जांच कराने की मांग उठाई

फसल बर्बाद, अब बीमा क्लेम के लिए भटक रहे किसान

दुर्ग-भिलाई। मौसम की मार से जूझ रहे किसानों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। अर्णव और मुरासु तूफान के बाद अकवान चक्रवात के असर से हो रही बारिश ने धान की खड़ी और कटी फसल को प्रभावित किया है। खेतों में पानी भरने और खुले में रखे धान के भीगने की आशंका के बीच खरीदी व्यवस्था पर भी असर पड़ रहा है। इसी दौरान फसल बीमा के पॉलिसी नंबर में गड़बड़ी की शिकायत ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।

दुर्ग जिले की ढौर सोसायटी के किसानों ने बीमा संबंधी जानकारी में त्रुटि होने की शिकायत की है। किसान राजेन्द्र यादव, डोमार यादव, तननु यादव, संतराम यादव, विजय यादव और शिशुपाल यादव ने जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग ग्रामीण के अध्यक्ष राकेश ठाकुर को अपनी परेशानी बताई।

किसानों के अनुसार, प्राकृतिक आपदा से धान की फसल को नुकसान पहुंचने के बाद वे बीमा क्लेम की जानकारी लेने सोसायटी पहुंचे थे। यहां से उन्हें पॉलिसी नंबर दिया गया। बाद में मुख्यमंत्री के टोल फ्री नंबर पर संपर्क कर इसकी जांच कराई गई तो नंबर गलत बताया गया। किसानों का कहना है कि गलत जानकारी के कारण क्लेम की प्रक्रिया शुरू नहीं हो पा रही है।

किसानों को दोहरी मार झेलने का आरोप

किसानों के सामने एक तरफ खराब फसल की भरपाई का सवाल है तो दूसरी ओर बीमा राशि पाने के लिए जरूरी प्रक्रिया पूरी करने में परेशानी आ रही है। उनका कहना है कि पॉलिसी नंबर की त्रुटि दूर नहीं होने से उन्हें अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। ऐसे समय में जब उन्हें आर्थिक मदद की जरूरत है, बीमा संबंधी गड़बड़ी राहत मिलने में बाधा बन रही है।

कांग्रेस ने उठाए सवाल, जांच की मांग

राकेश ठाकुर ने कहा कि अर्णव और मुरासु तूफान से प्रभावित फसलों का अब तक सही तरीके से आकलन नहीं कराया गया है। किसान मुआवजे का इंतजार कर रहे हैं और अब अकवान चक्रवात की बारिश से नुकसान की आशंका और बढ़ गई है। उन्होंने सरकार पर किसानों की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया।

ठाकुर ने मांग की कि ढौर सोसायटी के साथ जिले की अन्य सोसायटियों में भी प्रभावित किसानों के बीमा पॉलिसी नंबरों की जांच कराई जाए। गलत नंबरों को तत्काल सुधारा जाए, खराब फसलों का सर्वे कराकर मुआवजा दिया जाए और पात्र किसानों को बीमा राशि दिलाने की प्रक्रिया तेज की जाए।

उन्होंने बारिश से प्रभावित धान खरीदी केंद्रों में जरूरी इंतजाम करने, किसानों को नए टोकन की जानकारी उपलब्ध कराने और खुले में रखे धान को सुरक्षित रखने की मांग भी की है।

मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन

कांग्रेस ने साफ किया है कि किसानों की शिकायतों का जल्द निराकरण नहीं हुआ और बीमा क्लेम की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी तो पार्टी किसानों के साथ मिलकर आंदोलन करेगी।