बीएसएफ जवानों की कलाई पर सजा रक्षा सूत्र, बहनों ने लिया देश की सुरक्षा का संकल्प
समरसता रक्षाबंधन संगम में 175 जवानों को बांधी राखी, 415 महिलाओं ने निभाया भाई-बहन के रिश्ते का भावनात्मक पर्व
भिलाई। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर बीएसएफ हेडक्वार्टर रिसाली-भिलाई में देश की सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा में तैनात जवानों के सम्मान में ‘समरसता रक्षाबंधन संगम पर्व’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर दुर्ग-भिलाई के विभिन्न महिला संगठनों, स्वयं सहायता समूहों और धार्मिक संगठनों की बहनों ने बीएसएफ के जवानों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनके प्रति सम्मान और देश की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। राखी बंधवाते समय कई जवान भावुक नजर आए। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से कार्यक्रम स्थल देशभक्ति के रंग में रंग गया।
38 महिला संगठन और 15 स्वयं सहायता समूह हुए शामिल
कार्यक्रम का संयोजन भारतीय जनता पार्टी एनजीओ प्रकोष्ठ दुर्ग जिले के संयोजक मनोज ठाकरे के मार्गदर्शन में किया गया। आयोजन में समाज की महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कार्यरत शिव शक्ति महिला समिति की अध्यक्ष सुश्री नीता चौरसिया के नेतृत्व में दुर्ग-भिलाई के करीब 38 महिला संगठनों, 15 महिला स्वयं सहायता समूहों और 6 धार्मिक संगठनों ने सहभागिता की।
आयोजन का मुख्य उद्देश्य उन जवानों तक रक्षाबंधन का स्नेह पहुंचाना था, जो देश की सुरक्षा के दायित्व के कारण अपने परिवार और बहनों से हजारों किलोमीटर दूर रहकर ड्यूटी निभाते हैं।
दीप प्रज्वलन से हुई कार्यक्रम की शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्रीमती रजनी विजय बघेल, श्रीमती तृप्ति चंद्राकर, समाजसेवी श्रीमती विनीता मनीष पांडे, एनजीओ प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक दिनेश सिंह, भिलाई जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती स्वीटी कौशिक, ब्रह्माकुमारी बहन प्राची दीदी, डॉ. मानसी गुलाटी सहित अन्य अतिथियों की गरिमामय उपस्थिति रही।
आयोजन समिति की ओर से अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम का संचालन बीएसएफ असिस्टेंट कमांडेंट प्रमोद ओझा ने किया।
‘रक्षाबंधन विश्वास, सम्मान और सुरक्षा का पर्व’
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे बीएसएफ आईजी ने अपने संबोधन में कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का पर्व नहीं, बल्कि विश्वास, सम्मान, सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक है। उन्होंने सभी बहनों और भाइयों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए महिला संगठनों द्वारा जवानों के साथ पर्व मनाने की पहल की सराहना की।
मुख्य अतिथि श्रीमती रजनी विजय बघेल ने कहा कि देश का प्रत्येक नागरिक जवानों के परिवार का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर बीएसएफ हेडक्वार्टर में आयोजित यह कार्यक्रम भाई-बहन के स्नेह के साथ-साथ देशभक्ति और सामाजिक एकता का अनूठा संगम बन गया है।
तिलक लगाकर बांधी राखी, उपहार भी किए भेंट
कार्यक्रम के दौरान महिला अतिथियों और विभिन्न संगठनों की बहनों ने बीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारियों एवं जवानों को तिलक लगाया। इसके बाद रोली-चंदन, रक्षा सूत्र और रंग-बिरंगी राखियों के साथ मंत्रोच्चार एवं शंखध्वनि के बीच जवानों की कलाई पर राखी बांधी गई। बहनों ने जवानों को उपहार भी भेंट किए और देश की सुरक्षा के लिए उनके समर्पण को नमन किया।
इस दौरान बड़ी संख्या में बहनों ने एक साथ थाली सजाकर उसमें रोली, चंदन, राखी और दीपक रखकर पारंपरिक विधि से जवान भाइयों का रक्षाबंधन किया।
राखी बांधते समय भावुक हुए जवान
जवानों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधते समय माहौल भावुक हो गया। कई जवानों की आंखों में अपनों से दूर रक्षाबंधन मनाने की भावनाएं छलक उठीं। बहनों ने जवानों की सुरक्षा और देश की रक्षा के लिए उनके साथ खड़े रहने का संकल्प लिया। इसके बाद ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा।
‘जवानों पर हमें गर्व’—नीता चौरसिया
आयोजन की संयोजक नीता चौरसिया ने कहा कि देश के जवानों पर हर नागरिक को गर्व है। उन्होंने कहा कि जवान कठिन परिस्थितियों में देश की सुरक्षा के साथ-साथ छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे वीर जवानों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधने का अवसर मिलना सभी बहनों के लिए गौरव की बात है।
175 जवान और 415 महिलाओं की सहभागिता
आयोजन में बीएसएफ के करीब 175 जवानों तथा विभिन्न महिला संगठनों की लगभग 415 महिलाओं ने सहभागिता की। शिव शक्ति महिला समिति, उड़ान, नई दिशा, अंगना, पतंजलि योग समिति, इस्पात नगर महिला मंडल, हिंदू जागरण मंच, राम जन्म उत्सव समिति, आस्था संस्था, अन्नपूर्णा महिला स्वयं सहायता समूह सहित अनेक सामाजिक, धार्मिक एवं महिला संगठनों ने कार्यक्रम में भाग लिया।
इस अवसर पर श्रीमती रजनी विजय बघेल, श्रीमती तृप्ति चंद्राकर, श्रीमती विनीता मनीष पांडे, श्रीमती स्वीटी कौशिक, ब्रह्माकुमारी बहन प्राची दीदी, प्रदेश संयोजक दिनेश सिंह, जिला संयोजक मनोज ठाकरे, प्रशांत क्षीरसागर, योगेश सहारे, पंडित जितेंद्र साहू सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता एवं महिला संगठनों की पदाधिकारी उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के माध्यम से रक्षाबंधन को केवल पारिवारिक पर्व तक सीमित न रखते हुए सामाजिक समरसता, राष्ट्रप्रेम और जवानों के प्रति सम्मान का संदेश दिया गया।
suntimes 