महिला आरक्षण पर सरकार की नई कवायद, संसद में फिर शक्ति परीक्षण के आसार

30 नवंबर और 2 दिसंबर को दोनों सदनों की विशेष बैठक; संविधान संशोधन के लिए लोकसभा में 41 और राज्यसभा में 11 अतिरिक्त वोटों की दरकार

महिला आरक्षण पर सरकार की नई कवायद, संसद में फिर शक्ति परीक्षण के आसार

नई दिल्ली (ए)। महिला आरक्षण को आगामी लोकसभा चुनाव से लागू करने और संसदीय क्षेत्रों के नए सिरे से निर्धारण की योजना पर केंद्र सरकार फिर सक्रिय होती नजर आ रही है। संसद के दोनों सदनों की विशेष बैठक बुलाने के फैसले ने इस मुद्दे को एक बार फिर राजनीतिक बहस के केंद्र में ला दिया है।

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने 26 नवंबर को जानकारी दी कि लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर को होगी। संसद की कार्यवाही 3 दिसंबर तक समाप्त होने की संभावना है। सरकार की ओर से अभी तक बैठक का विस्तृत एजेंडा जारी नहीं किया गया है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

बहुमत का आंकड़ा सरकार के लिए बड़ी चुनौती

यदि सरकार संविधान संशोधन विधेयक पेश करती है तो उसे सामान्य बहुमत के बजाय विशेष बहुमत की जरूरत होगी। मौजूदा संख्या के आधार पर लोकसभा में 540 सदस्यों के मतदान की स्थिति में 360 मत जरूरी होंगे। एनडीए के पास 319 सांसद होने के कारण उसे 41 और मतों की आवश्यकता पड़ेगी।

इसी तरह राज्यसभा में 243 सदस्यों के मतदान की स्थिति में 162 मतों का समर्थन जरूरी होगा। एनडीए के पास 151 सदस्य हैं। यानी उच्च सदन में भी सरकार को 11 अतिरिक्त मतों का इंतजाम करना होगा। ऐसे में विपक्षी दलों का रुख विधेयक के भविष्य के लिहाज से महत्वपूर्ण हो सकता है।

अप्रैल की हार से सबक लेकर नई रणनीति

इस साल अप्रैल में सरकार ने महिला आरक्षण और परिसीमन को लेकर तीन विधेयक संसद में पेश किए थे। इनमें संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, परिसीमन विधेयक और केंद्र शासित प्रदेश कानून संशोधन विधेयक शामिल थे। प्रस्ताव के तहत लोकसभा की सदस्य संख्या 543 से बढ़ाकर 816 करने तथा महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करने की योजना थी।

लेकिन विपक्ष के विरोध के कारण सरकार को सफलता नहीं मिली। विधेयकों के पक्ष में 298 मत आए, जबकि उन्हें पारित कराने के लिए 352 मतों की आवश्यकता थी। इस तरह प्रस्ताव 54 मतों से पीछे रह गया। विपक्षी दलों ने परिसीमन की प्रस्तावित व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए दक्षिण भारतीय राज्यों के प्रतिनिधित्व पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई थी।

2029 के चुनाव से आरक्षण लागू करने की तैयारी

संसद द्वारा सितंबर 2023 में पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रावधान है। हालांकि, इसे लागू करने की प्रक्रिया अगली जनगणना और उसके बाद होने वाले परिसीमन से जुड़ी है। सरकार की कोशिश है कि कानूनी और संवैधानिक प्रक्रिया पूरी कर 2029 के लोकसभा चुनाव से महिलाओं को इसका लाभ मिल सके।

कांग्रेस समेत विपक्ष की नजरें बैठक पर

विशेष बैठक से पहले केंद्र सरकार ने 27 नवंबर को मंत्रिमंडल की बैठक बुलाई है। दूसरी ओर, कांग्रेस भी अपनी रणनीति तैयार करने में जुटी है। शुक्रवार शाम 4:30 बजे कांग्रेस की अहम बैठक प्रस्तावित है। ऐसे में संसद की विशेष बैठक से पहले सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच राजनीतिक समीकरण साधने की कोशिशें तेज होने की संभावना है।

लंबे अंतराल के बाद संसद की विशेष बैठक

संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक चला था। 13 अगस्त को सदनों की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई थी, लेकिन बुधवार रात तक इसका औपचारिक सत्रावसान नहीं हुआ था। इस तरह 103 दिन का अंतराल बीत चुका था। इससे पहले 2008 में संसद का एक सत्र 87 दिनों तक औपचारिक समापन के बिना जारी रहा था।