धान खरीदी की सुस्त रफ्तार पर बैज का सरकार से सवाल-36 दिन में कैसे खरीदा जाएगा 95% धान?

11 दिन में लक्ष्य का केवल 5% हिस्सा खरीदा गया; एग्रीस्टैक में कहीं रकबा शून्य तो कहीं धान की जगह दूसरी फसल दर्ज होने का दावा

धान खरीदी की सुस्त रफ्तार पर बैज का सरकार से सवाल-36 दिन में कैसे खरीदा जाएगा 95% धान?

रायपुर। धान खरीदी की धीमी गति और किसानों के रिकॉर्ड में कथित विसंगतियों को लेकर कांग्रेस ने सरकार को घेरा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि 160 लाख टन के निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले 11 दिनों में केवल 5 प्रतिशत धान की खरीदी हुई है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब खरीदी के लिए सिर्फ 47 दिन उपलब्ध हैं, तो शेष 36 दिनों में 95 प्रतिशत लक्ष्य कैसे पूरा किया जाएगा। बैज ने एग्रीस्टैक पोर्टल पर किसानों के रकबे और फसल की जानकारी में गड़बड़ी का भी आरोप लगाया।

 

छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की शुरुआत के बाद कांग्रेस ने खरीदी की गति को लेकर सरकार से जवाब मांगा है। दीपक बैज के मुताबिक प्रदेश में 160 लाख टन धान खरीदने का लक्ष्य रखा गया है, लेकिन 11 दिन बीतने के बाद भी लक्ष्य का केवल 5 प्रतिशत हिस्सा ही खरीदा जा सका है।

उन्होंने कहा कि छुट्टियों को अलग करने के बाद खरीदी के लिए कुल 47 दिन ही उपलब्ध होंगे। ऐसे में अब 36 दिनों में 95 प्रतिशत लक्ष्य पूरा करना होगा। बैज ने कहा कि यदि खरीदी इसी रफ्तार से चलती रही तो अंतिम समय में किसानों की भीड़ और खरीदी केंद्रों पर दबाव बढ़ने की आशंका है।

किसानों के रकबे को लेकर उठाया मुद्दा

बैज ने एग्रीस्टैक पोर्टल पर किसानों के रिकॉर्ड को लेकर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि सरकार के अनुसार पिछले साल पंजीयन करा चुके किसानों को दोबारा पंजीयन की आवश्यकता नहीं है। इसके बावजूद कई किसानों के पुराने पंजीकृत खसरे और रकबे इस साल पोर्टल पर शून्य दिखाई दे रहे हैं।

उन्होंने दावा किया कि कुछ मामलों में किसानों के रिकॉर्ड में धान की फसल के बजाय दूसरी फसल दर्ज हो गई है। इससे किसानों के सामने धान बेचने को लेकर परेशानी खड़ी हो रही है। बैज ने सवाल किया कि जब किसान पिछले साल उसी पंजीयन के आधार पर धान बेच चुका है, तो इस वर्ष उसके रिकॉर्ड में रकबा शून्य क्यों दिखाई दे रहा है।

नई सत्यापन प्रक्रिया से भी असमंजस

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि खसरा और फसल संबंधी विसंगतियों के साथ भौतिक सत्यापन की प्रक्रिया ने किसानों की परेशानी बढ़ाई है। खरीदी केंद्रों पर व्यवस्थाओं को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए।

बैज ने सरकार से मांग की कि एग्रीस्टैक पोर्टल में दर्ज किसानों के रिकॉर्ड की तत्काल जांच कराई जाए। जिन किसानों के रकबे या फसल की जानकारी गलत दर्ज है, उसे सुधारा जाए और खरीदी केंद्रों पर ऐसी व्यवस्था की जाए, जिससे किसानों को धान बेचने में किसी तरह की परेशानी न हो।