SBI की दो दिन की देरी से बेकार हुआ 50 हजार का चेक, आयोग ने बैंक को 60 हजार चुकाने का आदेश दिया

19 फरवरी को क्लियरिंग नहीं हुई, अगले दिन भेजने तक खत्म हो गई चेक की मियाद; सर्वर डाउन का दावा भी साबित नहीं कर सका बैंक

SBI की दो दिन की देरी से बेकार हुआ 50 हजार का चेक, आयोग ने बैंक को 60 हजार चुकाने का आदेश दिया

राजनांदगांव । राजनांदगांव में बैंक की लापरवाही के कारण 50 हजार रुपए के चेक का भुगतान अटक गया। SBI की दिग्विजय स्टेडियम शाखा ने चेक को एक दिन की देरी से क्लियरिंग के लिए भेजा। इसके बाद चेक की वैधता समाप्त हो गई और उसे स्टेल इंस्ट्रूमेंट बताकर लौटा दिया गया। जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग ने मामले में बैंक की सेवा में कमी मानते हुए ग्राहक के पक्ष में फैसला दिया है। बैंक को 50 हजार रुपए की चेक राशि के अलावा 5 हजार रुपए मानसिक क्षतिपूर्ति और 5 हजार रुपए वाद व्यय देना होगा।

शांति नगर वार्ड-04 निवासी खिलेश्वर सिन्हा को रवि वैष्णव ने जना स्मॉल फाइनेंस बैंक, दुर्ग का 50 हजार रुपए का चेक दिया था। 21 नवंबर 2025 को जारी चेक को उन्होंने 18 फरवरी 2026 को SBI की दिग्विजय स्टेडियम शाखा में जमा किया। उस समय चेक भुगतान के लिए वैध था।

बैंक के स्तर पर 19 फरवरी को चेक क्लियरिंग के लिए नहीं भेजा गया। अगले दिन 20 फरवरी को इसे क्लियरिंग में भेजा गया, लेकिन तब तक चेक की 90 दिन की वैधता समाप्त हो चुकी थी। 21 फरवरी को संबंधित बैंक ने चेक को 'इंस्ट्रूमेंट आउटडेटेड/स्टेल' कारण से लौटा दिया। नतीजतन खिलेश्वर सिन्हा को 50 हजार रुपए का भुगतान नहीं मिल सका।

तकनीकी खराबी बताकर बैंक ने बचाव किया

मामला आयोग के सामने पहुंचने पर SBI ने कहा कि 19 फरवरी को सर्वर डाउन और नेटवर्क की समस्या के चलते चेक क्लियरिंग नहीं हो पाई। बैंक ने यह भी बताया कि ग्राहक को चेक पर नई तारीख डालकर दोबारा जमा करने की सलाह दी गई थी।

हालांकि आयोग ने बैंक की इस दलील को पर्याप्त नहीं माना। बैंक सर्वर डाउन या नेटवर्क बाधित रहने का कोई दस्तावेजी प्रमाण पेश नहीं कर सका। आयोग के अनुसार, यदि पूरे कार्यालयीन समय में तकनीकी समस्या के कारण सेवा बाधित रही थी तो बैंक को उसका प्रमाण प्रस्तुत करना चाहिए था।

बैंक की देरी को माना सेवा में कमी

आयोग ने स्पष्ट किया कि बैंक द्वारा चेक को समय पर क्लियरिंग के लिए नहीं भेजे जाने के कारण उसकी वैधता खत्म हुई। इस वजह से ग्राहक को मिलने वाली रकम अटक गई। आदेश में सुप्रीम कोर्ट के कैनरा बैंक बनाम कविता चौधरी मामले का हवाला देते हुए बैंक की ऐसी देरी को सेवा में कमी माना गया है।

60 हजार रुपए देने होंगे

जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग के सदस्य डॉ. आनंद वर्गिस ने 26 नवंबर 2026 को आदेश जारी किया। आयोग ने बैंक को 50 हजार रुपए मूल चेक राशि, 5 हजार रुपए मानसिक क्षतिपूर्ति और 5 हजार रुपए वाद व्यय के रूप में देने का निर्देश दिया है। कुल भुगतान 60 हजार रुपए होगा।

बैंक को यह राशि 45 दिन के भीतर देनी होगी। समय सीमा में भुगतान नहीं करने पर आदेश की तारीख से पूरी राशि पर 6 प्रतिशत वार्षिक ब्याज भी देना होगा।