ढाबे के नजदीक नशे का सौदा करते पकड़े गए दो युवक
पुलिस ने 24.45 ग्राम हेरोइन, तीन मोबाइल और नकदी की जब्ती की, दोनों आरोपी न्यायिक रिमांड पर
दुर्ग-भिलाई। नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए जामुल पुलिस की टीम ने कुरूद क्षेत्र में दबिश देकर दो युवकों को पकड़ा है। पुलिस को सूचना मिली थी कि रंगला पंजाब ढाबे के पास बस स्टैंड पर कुछ लोग हेरोइन की अवैध बिक्री कर रहे हैं। इसके बाद टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर संदिग्धों को घेरा और उन्हें हिरासत में ले लिया।
पकड़े गए युवकों की पहचान ओंकार सिंह (23), खुर्सीपार निवासी और लुकेश कुमार सिंह (29), वैशाली नगर निवासी के रूप में की गई है। तलाशी के दौरान उनके पास से 24.45 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) मिली। पुलिस ने तीन मोबाइल फोन और 3,200 रुपए नकद भी बरामद किए हैं। जब्त सामग्री का कुल मूल्य 4 लाख 66 हजार 800 रुपए बताया गया है।
पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई 27 नवंबर को मिली मुखबिर की सूचना के आधार पर की गई। प्रारंभिक जांच में दोनों युवकों के मौके पर मादक पदार्थ बेचने में संलिप्त होने की जानकारी मिली है। बरामद पदार्थ और अन्य सामग्री को जब्त कर दोनों को थाने लाया गया।
दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें 27 नवंबर को न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी हेरोइन कहां से लाए थे और इस अवैध कारोबार में उनके साथ अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।
suntimes 