भिलाई में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन आज, प्रधानमंत्री का पुतला दहन करेगी पार्टी
छात्र आंदोलन के समर्थन और वरिष्ठ नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में घड़ी चौक पर जुटेंगे कांग्रेस कार्यकर्ता
भिलाई। छात्र आंदोलन के समर्थन तथा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी समेत पार्टी के अन्य नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी भिलाई बुधवार को विरोध प्रदर्शन करेगी। इस दौरान प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा।
जिला कांग्रेस कमेटी भिलाई के तत्वावधान में बुधवार, 22 जुलाई को सुपेला स्थित चंदूलाल चंद्राकर चौक (घड़ी चौक) में विरोध प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। पार्टी ने छात्र आंदोलन के समर्थन और कांग्रेस के शीर्ष नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 12 बजे घड़ी चौक पर कांग्रेसजन एकत्रित होंगे। इसके बाद केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया जाएगा। पार्टी का कहना है कि यह प्रदर्शन लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा और छात्रों की आवाज के समर्थन में आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में कांग्रेस के जनप्रतिनिधि, विधायक, पूर्व विधायक, वर्तमान एवं पूर्व महापौर, पार्षद, पूर्व पार्षद, छाया पार्षद, जिला एवं ब्लॉक पदाधिकारी, महिला कांग्रेस, सेवादल, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई तथा विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं की भागीदारी रहेगी।
जिला कांग्रेस कमेटी भिलाई के अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से समय पर कार्यक्रम स्थल पहुंचकर विरोध प्रदर्शन को सफल बनाने का आह्वान किया है।
suntimes 