पेंड्रा-अंबिकापुर में कोहरे की चादर, सरगुजा में और गिरेगा रात का तापमान

उत्तरी छत्तीसगढ़ में तीन दिन के भीतर 2 से 4 डिग्री तक ठंड बढ़ने के आसार, रायपुर में अब भी रातें अपेक्षाकृत गर्म; मौसम विभाग ने शुष्क मौसम का जताया अनुमान

पेंड्रा-अंबिकापुर में कोहरे की चादर, सरगुजा में और गिरेगा रात का तापमान

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सर्दी का असर अब क्षेत्रवार नजर आने लगा है। उत्तरी जिलों में सुबह कोहरा छाने और रात के तापमान में गिरावट का दौर शुरू हो गया है। पेंड्रा में घने कोहरे के कारण सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही, जबकि अंबिकापुर में भी सुबह धुंध दिखाई दी। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों में उत्तरी छत्तीसगढ़ के न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री की कमी आने की संभावना जताई है। इसके विपरीत रायपुर समेत प्रदेश के अन्य हिस्सों में फिलहाल तापमान स्थिर रहने का अनुमान है।

नवंबर के अंतिम सप्ताह में छत्तीसगढ़ के उत्तरी हिस्सों में ठंड का प्रभाव बढ़ने लगा है। खासकर सरगुजा संभाग के जिलों में आने वाले दिनों में रात का तापमान और नीचे जा सकता है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट संभावित है। प्रदेश के बाकी क्षेत्रों में अगले पांच दिनों तक रात के तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।

कोहरे ने बढ़ाई वाहन चालकों की परेशानी

पेंड्रा में सुबह के समय घना कोहरा छाने से सड़क पर दृश्यता कम हो गई। ऐसे में वाहन चालकों को फॉग लाइट का सहारा लेना पड़ा। अंबिकापुर में भी सुबह सड़कों और आसपास के क्षेत्रों में धुंध नजर आई। मौसम साफ रहने के बावजूद सुबह और देर रात ठंड का अहसास बढ़ रहा है।

रायपुर और अंबिकापुर में सामान्य से अधिक तापमान

राजधानी रायपुर में सोमवार रात न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक है। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से 6.3 डिग्री ज्यादा रहा। बिलासपुर में पारा 20 डिग्री पर बना रहा। वहीं प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

जगदलपुर में अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे साफ है कि प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में दिन और रात के तापमान में अंतर बना हुआ है।

गरियाबंद में सबसे अधिक न्यूनतम तापमान

23 नवंबर को गरियाबंद में न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा रायपुर में 20.4, बालोद और बलरामपुर में 20.1, बिलासपुर में 20, कोरबा में 19.8, राजनांदगांव और सूरजपुर में 19.5, कबीरधाम में 19.3, पेमेतरा में 19, मुंगेली में 18.6, दुर्ग में 18.2, सक्ती और सरगुजा में 18 तथा गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में 17.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

बारिश के आसार कम, शुष्क रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में फिलहाल कोई सक्रिय मौसमी सिस्टम नहीं है। सोमवार को मौसम अधिकांश स्थानों पर शुष्क रहा। मंगलवार से आगामी तीन दिनों तक भी मौसम ऐसा ही रहने का अनुमान है। एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की बारिश दर्ज की गई थी। रायपुर में 24 नवंबर को आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।