दिल्ली जाएंगे सभी सांसद....मुख्यमंत्री साय भी होंगे रवाना, 7 को नरेंद्र मोदी संग करेंगे सरकार बनाने की बैठक

प्रदेश की 11 सीटों में से 10 में भाजपा ने कब्जा जमाया है। सभी जीते हुए प्रत्याशी अब सांसद बनेंगे। ये भावी सांसद दिल्ली के लिए रवाना हो रहे हैं। इनके साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी दिल्ली जा रहे हैं। 7 जून को दिल्ली में सरकार गठन को लेकर बैठक होनी है।
जानकारी के मुताबिक गुरुवार की शाम मुख्यमंत्री रायपुर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हांेगे। इनके साथ कुछ सांसद दिल्ली जा सकते हैं। कुछ के शुक्रवार की सुबह रवाना होने का कार्यक्रम बताया जा रहा है। सभी सांसदों और मुख्यमंत्रियों की बैठक दिल्ली में नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ होगी।
इससे पहले 6 जून गुरुवार को सभी रायपुर में एकजुट हुए। प्रदेश भाजपा कार्यालय में लोकसभा चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की जा रही है। इसमें लोकसभा चुनाव के मैनेजमेंट में जुटी पूरी टीम शामिल होगी। सांसद बनने जा रहे सभी प्रत्याशी भी बैठक में होंगें। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव और संगठन के अन्य बड़े नेताओं के साथ इनकी चर्चा होगी। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में 11 में से 9 सीटें भाजपा के पास थीं। बस्तर और कोरबा पर कांग्रेस का कब्जा था। इस बार भाजपा ने बस्तर को हासिल कर लिया। काेरबा में सारी कोशिशें नाकाम रहीं। ये क्यों हुआ इसपर भी नेता बैठक में बात कर रहे हैं।
उप-मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने लोकसभा चुनाव के नतीजों पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि "भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन को स्पष्ट बहुमत देकर जनता जनार्दन ने एक बार फिर राष्ट्र की बागडोर महानायक नरेंद्र मोदी जी को सौंपने का आदेश दिया है। माननीय मोदी जी लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेकर इतिहास रचेंगे।""छत्तीसगढ़ की जनता को कोटि कोटि नमन है, जिन्होंने भरपूर आशीर्वाद देते हुए प्रदेश की 11 में से 10 लोकसभा सीटों पर कमल खिलाकर भाजपा और मोदी जी पर अपना अटूट विश्वास व्यक्त किया है।
लोकसभा चुनाव-2024 में छत्तीसगढ़ से भाजपा ने 10 सीटों पर जीत दर्ज कर ली है। रायपुर से बृजमोहन अग्रवाल ने 575285 वोटों से बड़ी जीत दर्ज की है। दुर्ग से विजय बघेल 4 लाख से ज्यादा वोटों से जीते हैं। जबकि सबसे कम अंतर से भोजराज नाग ने 1884 वोटों से जीत दर्ज की है। एक सीट कोरबा कांग्रेस की ज्योत्सना महंत जीती हैं। राजनांदगांव से कांग्रेस उम्मीदवार और पूर्व CM भूपेश बघेल हार गए हैं। यहां से संतोष पांडेय ने 44411 वोटों से जीत दर्ज की है।