भिलाई में गैंगवार, पहले पिलाई शराब फिर की हत्या.....पहचान छिपाने के लिए सिर को पत्थर से कुचला...

पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत देवबलोदा गांव में बीती देर रात एक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। आरोपियों ने हत्या के बाद मृतक का सिर पत्थर से कुचल दिया, जिससे उसकी पहचान ना हो पाए। पुलिस के मुताबिक 8-9 लोगों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया है। उनकी तलाश जारी है।
भिलाई तीन पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक घटना बुधवार देर रात 12:00 बजे के आसपास की है। सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची थी। वहां जाकर जांच करने पर मृतक की पहचान एल चिरंजीवी उर्फ ब्रूसली पिता एल राजाराव ( 35 साल ) निवासी सी केबिन के पास गांधीनगर देवबलोदा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ब्रूसली आदतन अपराधी किस्म का था। पुरानी रंजिश के चलते उसकी हत्या उसीके बीच वाले लोगों ने की है। उन लोगों ने पहले ब्रुसली को शराब पार्टी के लिए बुलाया। सभी लोगों ने बैठकर शराब पी। इसके बाद एक राय होकर धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया। जब वो वहीं पर ढेर हो गया तो पास पड़े पत्थर से उसका सिर बुरी तरह कुचल दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कुछ संदेहियों को उठाया भी गया है उनसे पूछताछ की जा रही है।
लोगों से मिली जानकारी ब्रुसली क्षेत्र में जुआ सट्टा खिलाने के साथ ही गांजा और शराब जैसे मादक पदार्थों की बिक्री करता था। इसे लेकर उसकी कई आपराधिक तत्वों से पुरानी दुश्मनी भी थी। उनके बीच क्षेत्र में गैर कानूनी कार्य करने के लिए अक्सर तनातनी होती थी। कई बार उनके बीच बड़ी मारपीट भी हो चुकी थी।
घटना के बाद एसपी जितेंद्र शुक्ला ने जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ने के आदेश दिए हैं। भिलाई तीन पुलिस के साथ ही साथ क्राइम टीम को मिलाकर एक विशेष टीम का गठन किया गया है। उनके द्वारा घटना स्थल वा आसपास के सीसीटीवी फुटेज निकालने के साथ ही लोगों से पूछताछ की जा रही है। संदेहियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी भी की जा रही है। जांच के लिए फोरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया है।