रथ यात्रा के अवसर पर एबीयूएस की अनूठी पहल, महाप्रसाद और पेयजल सेवा से जीता श्रद्धालुओं का मन
प्रदेशभर से पहुंचे समाज के सदस्यों ने रथ का स्वागत कर करीब 6 से 7 हजार श्रद्धालुओं को कराया महाप्रसाद, पेयजल सेवा भी रही आकर्षण का केंद्र।
भिलाई में आयोजित भगवान श्रीजगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा के दौरान अखिल भारतीय उड़िया समाज (एबीयूएस) ने अपनी सामाजिक एवं धार्मिक सेवा परंपरा को आगे बढ़ाते हुए हजारों श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद वितरण और पेयजल की विशेष व्यवस्था की। शाम से देर रात तक चले इस सेवा अभियान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया।
भिलाई। भगवान श्रीजगन्नाथ की पावन रथ यात्रा के अवसर पर अखिल भारतीय उड़िया समाज (एबीयूएस) ने इस वर्ष भी अपनी वर्षों पुरानी सेवा परंपरा को निभाते हुए महाप्रसाद वितरण का भव्य आयोजन किया। प्रदेश अध्यक्ष जेएम तांडी के नेतृत्व में 16 जुलाई को सिविक सेंटर चौक, भिलाई में लगाए गए सेवा शिविर में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे समाज के सदस्यों ने रथ का श्रद्धापूर्वक स्वागत किया और श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद वितरित किया।
समाज के प्रदेश महासचिव तरुण निहाल ने बताया कि रथ यात्रा के दौरान लगाए गए विशेष पंडाल में करीब 6 से 7 हजार श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। इसके साथ ही रथ यात्रा मार्ग से गुजरने वाले श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों के लिए शीतल पेयजल की भी समुचित व्यवस्था की गई, जिससे लोगों को काफी राहत मिली।
महाप्रसाद वितरण का कार्यक्रम शाम 4 बजे से प्रारंभ होकर देर रात तक लगातार चलता रहा। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि एबीयूएस पिछले कई वर्षों से रथ यात्रा के अवसर पर यह सेवा कार्य निरंतर करता आ रहा है और भविष्य में इसे और अधिक व्यवस्थित एवं व्यापक स्वरूप दिया जाएगा।
इस सेवा कार्य को सफल बनाने में कोषाध्यक्ष दीनबंधु तांडी, संरक्षक कृष्णा सोना, पुरन नायक, अजय कुमार लुहा, मोंटू हरपाल, विदुर तांडी, गोपाल सेठिया, अजय नायक, उमेश बाघ, सुमित सोना, ओम बाघ, प्रशांत सेठिया, राम भजन विभार, रिद्धि महानंद, सुभद्रा सेठिया, वर्षा चौहान, जगन्नाथ जाल, संगीता नायक, हस्तिनी महानंद, जयंती महानंद, मीना महानंद, हरिश नायक, शिव सागर, अनिल नायक, भुवनेश्वर महानंद, कैलाश बाग, अरुण साहू सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।
suntimes 